सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   The murder of Shripal and Satyam was due to a dispute over delay in bringing bread.

Ghaziabad News: रोटी लाने में देरी पर विवाद के चलते हुई थी श्रीपाल व सत्यम की हत्या

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Sun, 01 Feb 2026 02:13 AM IST
विज्ञापन
The murder of Shripal and Satyam was due to a dispute over delay in bringing bread.
विज्ञापन
खोड़ा। बाइक मैकेनिक श्रीपाल और बिस्कुट फैक्टरी कर्मी सत्यम की हत्या के पीछे ढाबे पर रोटी देर से मिलने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। श्रीपाल के भाई गोपाल की तहरीर पर पुलिस ने ढाबा मालिक धर्मेंद्र और कर्मचारी नागेश, विशेष, सूरज व राजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मारपीट में घायल श्रीपाल के दोस्त अनुराग का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Trending Videos

खोड़ा थाना पुलिस को दी तहरीर में गोपाल ने बताया कि उनका भाई श्रीपाल (23) आजाद विहार क्षेत्र में बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। वह अपने दोस्त सत्यम (16) और अनुराग के साथ 30 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे कागज मार्केट स्थित वैष्णो शुद्ध शाकाहारी भोजनालय में खाना लेने गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

वहां ढाबा कर्मचारी नागेश से रोटी लाने को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान तीनों में से किसी ने नागेश को थप्पड़ जड़ दिया। इस पर उसने अपने साथी सूरज, उसके चचेरे भाई विशेष व राजन को बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने हाथापाई शुरू कर दी। किसी तरह विवाद शांत हुआ और श्रीपाल, सत्यम व अनुराग वहां से चल दिए।
आरोप है कि होटल के पास ही गली के मुहाने पर आरोपियों ने दोबारा चाकू से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने तीनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल दिल्ली पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने श्रीपाल व सत्यम को मृत घोषित कर दिया था।
ढाबा मालिक के सामने वारदात, पुलिस को नहीं दी सूचना

ढाबा मालिक धर्मेंद्र को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि उसने झगड़े में बीच-बचाव किया था। इसके बाद आरोपी ढाबे से चाकू लेकर निकले और हमला कर दिया। वारदात रात करीब 10:48 बजे ढाबा मालिक के सामने हुई, लेकिन उसने पुलिस को सूचना नहीं दी। पुलिस को रात करीब 10:55 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने फोन पर जानकारी दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां सन्नाटा पसरा था। ढाबा बंद हो चुका था। घटनास्थल पर खून के निशान तक नहीं थे। चौकी प्रभारी के अस्पताल पहुंचने पर हत्या की बात पता चली। पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्रीपाल के सीने में बायीं तरफ दो जगह धारदार हथियार के घाव हैं। सत्यम के भी शरीर पर निशान मिले हैं।
50 रुपये के विवाद की बात भी आई सामने

पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे 50 रुपये के लेनदेन की बात भी सामने आई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिजनों ने पुलिस को बताया कि श्रीपाल व सत्यम ने 50 रुपये की रोटी पैक कराई थीं। इसका भुगतान उन्होंने धर्मेंद्र को कर दिया और रोटी मिलने का इंतजार करने लगे। इसी दौरान गल्ले पर धर्मेंद्र की जगह उसका बेटा बैठ गया। रोटी मिलने पर जब श्रीपाल, सत्यम व अनुराग जाने लगे तो ढाबा मालिक के बेटे ने रुपयों के लिए टोका। इसी को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। हालांकि, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही सही वजह सामने आ पाएगी।
11 मार्च को होनी थी श्रीपाल की शादी
गोपाल ने बताया कि श्रीपाल उनसे बड़े थे और आजाद विहार में माता-पिता के साथ रह रहे थे। मूलरूप से वह लोग बहराइच के रहने वाले हैं। इसी 11 मार्च को श्रीपाल की शादी होनी थी। परिवार के सभी लोग तैयारियों में जुटे थे। घर में खुशी का माहौल था। अब दुख के बादल छा गए हैं। मूल रूप से बिहार निवासी सत्यम का परिवार भी खोड़ा में रहता है। उनके घर में भी कोहराम मचा हुआ है। शनिवार दोपहर तक मां को बेटे की मौत की खबर नहीं दी गई। पोस्टमार्टम के बाद जब शव मां के सामने पहुंचा तो वह अचेत हो गईं।
दिल्ली से खोड़ा खींच लाई मौत

जिस ढाबे पर वारदात हुई, उसके सामने दिल्ली पुलिस का कार्यक्षेत्र है। गाजीपुर मंडी भी ज्यादा दूर नहीं है। ट्रक, ई-रिक्शा व अन्य मालवाहक वाहनों के चालक यहां खाना खाने आते हैं। इस कारण भीड़ अधिक रहती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्रीपाल, सत्यम व अनुराग दिल्ली की सीमा में खड़े होकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खाना भी ऑर्डर किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विवाद के बाद श्रीपाल व उनके साथी दिल्ली सीमा से करीब 10 मीटर आगे बने कट से यूपी की सीमा में पहुंचे। वहीं पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
डीसीपी, ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि ढाबा मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा बाकी चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्वाट, खोड़ा व कौशांबी थाना समेत पांच टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed