सौतेले बेटे ने उजाड़ा मां का सुहाग: 13 साल पहले की इस हरकत से खफा था बेटा; रात में बर्बरता से उतारा मौत के घाट
सफेदारनगर में 30 जून की रात सौतेले बेटे शिवम ने मां की दूसरी शादी से नाराज होकर मनोज कुमार की गैती से हत्या की। पुलिस आरोपी तलाश रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खंड के सफेदारनगर गांव में परिवार के साथ किराये पर रहने एक व्यक्ति की उसके सौतेले बेटे ने गले पर गैती (कुदाल) से वार करके हत्या कर दी। 30 जून की रात को वारदात के समय व्यक्ति सो रहा था। हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग गया। हत्या की सूचना मिलते ही पटौदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल, सीन ऑफ क्राइम टीम, फिंगर प्रिंटस विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराकर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने हत्या में प्रयोग की गई गैती भी कब्जे में ली है।
जांच में सामने आया है कि हत्यारोपी युवक अपनी मां की दूसरी शादी से खुश नहीं था और जिस कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान बरेली (उत्तर प्रदेश) के हलासपुर निवासी मनोज कुमार (48) के रूप में हुई है। मृतक के चचेरे भाई प्रेमपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मनोज कुमार (मृतक) अपनी पत्नी पूजा व सात वर्षीय बेटी के साथ करीब तीन माह से सफेदारनगर में रह रहा था और मजदूरी का काम करता था। जबकि सौतेला बेटा व हत्यारोपी शिवम उर्फ शिवा (20) निवासी हवात, लखी सराय (बिहार) तीन-चार दिन पहले ही गुरुग्राम आया था।
पहले पति से हैं चार बच्चे, इस वजह से खफा था शिवम
पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्यारोपी शिवम उर्फ शिवा की मां पूजा 13 साल से मनोज कुमार (मृतक) के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही है। जबकि पूजा के पहले पति से शिवम उर्फ शिवा (हत्यारोपी) सहित कुल चार बच्चे हैं। शिवम उर्फ शिवा अपनी मां की दूसरी शादी किए जाने के कारण मनोज कुमार से रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते 30 जून की रात घर के बाहर सो रहे मनोज कुमार पर आरोपी शिवम ने गैती से गले पर कई वार किए और मौके से भाग गया। गंभीर रूप से घायल मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।
महिला को इस हाल में मिली लाश
जब पूजा लघुशंका के लिए रात के समय उठी को उसने पति के शव को लहूलुहान हालत में चारपाई पर पड़ा पाया। उसने तुरंत मकान मालिक को इस बारे में जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को घटना के बारे में सूचना दी। सूचना मिलते ही पटौदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के चचेरे भाई प्रेमपाल की शिकायत पर शिवम उर्फ शिवा के खिलाफ पटौदी थाने में हत्या संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच एएसआई महेंद्र कर रहे हैं।
बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस की कई टीमें हत्यारोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। - मनोज कुमार, एसीपी पटौदी।