कानून को सीधी चुनौती: दो बाइक पर 1.69 लाख रुपये के 59 चालान, सभी 90 दिन से अधिक पुराने; अब हुई ये कार्रवाई
एक बाइक पर 35 बार नियम तोड़ने पर चालक पर 99 हजार रुपये का चालान और 24 बार नियम तोड़ने पर 70 हजार रुपये का चालान लंबित पाया गया और सभी चालान 90 दिनों से अधिक पुराने हैं।
विस्तार
दो मोटरसाइकिल चालकों पर द्वारा 35 और 24 बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर हुए चालान का जुर्माना न भरने पर पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। शनिवार को आर्टिमिस अंबेडकर चौक पर नियुक्त जोनल अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक हरदीप सिंह ने अपनी टीम के साथ मिलकर वाहनों की जांच कर रहे थे। उसी दौरान यातायात पुलिस की तरफ से मोटरसाइकिल की जांच की तो पता चला कि एक चालक ने 35 बार और दूसरे चालक ने 24 बार यातायात नियमों की अवहेलना की हुई थी।
सभी चालान 90 से अधिक दिन पुराने
इसमें बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाना, बिना प्रदूषण, गलत दिशा में वाहन चलाने के साथ अन्य चालान थे। 35 बार नियम तोड़ने पर चालक पर 99 हजार रुपये का चालान और 24 बार नियम तोड़ने पर 70 हजार रुपये का चालान लंबित पाया गया और सभी चालान 90 दिनों से अधिक पुराने थे। पुलिस उपायुक्त यातायात प्रतीक गहलोत ने बताया कि 90 दिनों से अधिक लंबित चालानों के भुगतान न किया जाना पाए जाने पर वाहनों को जब्त किया जा सकता है।
नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 73.62 लाख रुपये का लगा जुर्माना
यातायात पुलिस ने नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर चालकों पर 73.62 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई यातायात पुलिस की तरफ से मार्च महीने में 13472 चालकों पर की है। बीते महीने में ही जीएमडीए की तरफ से यातायात पुलिस को क्रेन उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद यातायात पुलिस ने नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर सख्ती की। नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने से अन्य चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे जाम की स्थिति बन जाती है।