सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   LPG supply disrupted in Delhi Shortage of commercial cylinders

दिल्ली में LPG संकट: कमर्शियल सिलिंडर की किल्लत, गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें; होटल कारोबारी चिंतित

नितिन राजपूत, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Akash Dubey Updated Wed, 11 Mar 2026 01:04 AM IST
विज्ञापन
सार

आपूर्ति बाधित होने से दिल्ली में कमर्शियल और घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत है। होटल, रेस्तरां और आम लोग परेशान हैं। ब्लैक मार्केट में 1500 रुपये तक बिक रहा है।

LPG supply disrupted in Delhi Shortage of commercial cylinders
कमर्शियल सिलिंडर की किल्लत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

पश्चिम एशिया में बढ़ते झगड़े की वजह से इम्पोर्टेड गैस सप्लाई में रुकावटों के बीच आपूर्ति की समस्या अब देश में भी महसूस होने लगी है। ऐसे में दिल्ली के कई हिस्सों में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत सामने आ रही है, जिससे गैस एजेंसियों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। सप्लाई में देरी और सीमित उपलब्धता के कारण कई जगहों पर सिलिंडर की डिलीवरी प्रभावित हो रही है। इसने आम लोगों की समस्या और परेशानियां दोनों बढ़ा दी है। ऐसे में संभावित सप्लाई बाधित होने की आशंका के चलते लोग घबराहट में घरेलू गैस सिलिंडर खरीदने के लिए गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। 

Trending Videos


मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिली। ऐसे में माता सुंदरी रोड डीडीए मार्केट स्थित एक गैस सर्विस सेंटरों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ दिखाई दी। इसके अलावा, झंडेवालान स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर दर्जनों लोग खड़े नजर आए, जहां सिलिंडर पहुंचते ही मिनटों में खत्म हो जाते हैं। गैस एजेंसी संचालकों ने का कहना है कि पिछले चार-पांच दिनों से सिलिंडर की मांग अचानक बढ़ गई है। कई लोग जरूरत से ज्यादा सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे पैनिक की स्थिति बन गई है। कुछ जगहों पर सिलिंडर पहुंचते ही कुछ ही मिनटों में खत्म हो जा रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए बताया कि ब्लैक मार्केट में सिलिंडर की कीमत 1500 रुपये तक पहुंच गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


होटल और रेस्तरां को गैस नहीं मिल पा रही
दक्षिण दिल्ली के एक इंडियन गैस डिलीवरी बॉय महेश यादव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सिलिंडर की मांग करीब 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है। कई उपभोक्ता अतिरिक्त सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है। वहीं, दिल्ली की कई छोटी गैस एजेंसियों के संचालकों के अनुसार, पिछले दो दिन से कमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई नहीं आ रही है। इसके कारण आसपास के होटल और रेस्तरां को गैस नहीं मिल पा रही है। कुछ एजेंसियों ने अपने कार्यालयों के बाहर नोटिस भी लगा दिए हैं कि फिलहाल कमर्शियल गैस की सप्लाई उपलब्ध नहीं है। उषा गैस सर्विस संचालक के अनुसार, आगे से कमर्शियल गैस की आपूर्ति अनिश्चित है। इसलिए वे फिलहाल सप्लाई नहीं दे पा रहे हैं। इससे कई ग्राहक परेशान होकर एजेंसी पहुंच रहे हैं और स्थिति को लेकर चिंता जता रहे हैं।

मंगलवार रात से बन सकती है गैस खत्म होने की स्थिति
नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष जोरावर कालरा ने कहा कि दिल्ली के कई होटल, रेस्तरां और ढाबों में मंगलवार रात से गैस खत्म होने की स्थिति बन सकती है। उन्होंने बताया कि देश के करीब 80 प्रतिशत होटल उद्योग इस समय संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे में गैस की कमी का असर होटल और रेस्तरां उद्योग पर भी दिखाई देने लगा है। 

रेस्तरां उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि केवल ऑफलाइन ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़े क्लाउड किचन भी इस संकट से प्रभावित हो सकते हैं। भारत में बड़ी संख्या में लोग ऑनलाइन खाना मंगाने पर निर्भर हैं, इसलिए यह स्थिति आम लोगों को भी प्रभावित कर सकती है।

नंबर स्विच, व्हाट्सएप नहीं ले रहा बुकिंग
मॉडल टाउन के रहने वाले सतीश भारद्वाज ने बताया कि बीते शुक्रवार को इंडियन गैस में बुकिंग कराई थी, लेकिन मौजूदा समय तक भी डिलीवरी नहीं हुई है। घर में गैस कभी भी खत्म हो सकती है। ऐसे में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ेगा। शाहदरा निवासी राहुल ने बताया कि उनका सिलिंडर खत्म होने वाला है। ऐसे में मंगलवार सुबह 11 बजे से बुकिंग प्रकिया शुरू करने की कोशिश की, लेकिन नंबर स्विच ऑफ बता रहा था। ऐसे में व्हाट्सएप के जरिए बुकिंग करने की कोशिश की, तो वहां से भी नहीं हुआ। ऐसे में करीब 5-6 घंटे खराब होने के बाद बुकिंग तो हुई, लेकिन संदेश अभी तक नहीं मिला है।

7 दिन पहले किया था गैस सिलिंडर बुक
बुराड़ी में रहने वाले वर्षा शर्मा ने बताया कि उन्होंने 7 दिन पहले गैस सिलिंडर बुक किया था, लेकिन अभी तक डिलीवरी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि गैस नहीं मिलने के कारण घर का कामकाज प्रभावित हो रहा है और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, आम उपभोक्ता भी गैस की उपलब्धता और बढ़ती कीमतों को लेकर चिंतित हैं। कुछ लोगों ने बताया कि 7 मार्च से घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में अब 14.2 किलो का घरेलू सिलिंडर करीब 913 रुपये का हो गया है। ऐसे में बढ़ती कीमतों और अनिश्चित सप्लाई ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि उन्हें डर है कि आने वाले दिनों में गैस की कमी हो सकती है, इसलिए वे पहले से सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed