हमलावर होते कुत्ते: दनकौर में जर्मन शेफर्ड ने घर के बाहर खेल रहे मासूम पर किया हमला, अस्पताल में कराया भर्ती
गांव ठसराना में रविवार को पड़ोसी के जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
विस्तार
दनकौर के गांव ठसराना में रविवार को पड़ोसी के जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे 5 वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के शरीर पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गया और चीखता हुआ घर के अंदर भागा। परिवार ने मासूम को इलाज के लिए तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया और थाने में इस मामले की शिकायत दी है।
गांव ठसराना निवासी मोहित ने पुलिस को बताया कि उनका पांचसाल का बेटा घर के बाहर खेल रहा था। खेलते हुए वह पड़ोसी के घर के बाहर पहुंचा और वहां स गुजर रहा था। तभी पड़ोसी का पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ता अचानक उस पर झपट पड़ा और उसके पैर में काट लिया। जिसके बाद बच्चा चीख पड़ा और वहां से भागकर सीधे घर पहुंचा।
बच्चे के पिता ने कुत्ते के मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। परिजनों का कहना है कि पड़ोसी कुत्ते को ठीक से बांधकर या नियंत्रित नहीं रखते है। जिसके कारण यह घटना हुई है। थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रक्षा विभाग के रिटायर्ड अफसर पर किया था हमला
दनकौर में कुत्तों के काटने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। दनकौर की अजनारा पैनोरमा सोसाइटी में बीते 3 अप्रैल को रक्षा विभाग से रिटायर्ड अधिकारी पर लावारिस कुत्ते ने हमला कर दिया था। जिसके बाद उन्होंने भी थाने में शिकायत दी थी। क्षेत्र में लगातर बढ़ रही कुत्तों के हमले की घटना के बाद इलाके के लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन ऐसे मामलों के लिए सख्त नियम बनाए।