-एयरपोर्ट मार्गों पर ट्रैफिक का बने मास्टर प्लान, स्कूल वाहनों की होगी विशेष जांच-डॉ. महेश शर्मा
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति और जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने अधिकारियों को गौतमबुद्धनगर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, सड़क दुर्घटनाओं और स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में तेजी से बढ़ रहे यातायात के मद्देनजर आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली अपनाई जाए और व्यावसायिक वाहनों के शहर में प्रवेश के लिए समय निर्धारित किया जाए। सड़क दुर्घटना संभावित स्थलों की समीक्षा करते हुए सांसद ने एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और प्राधिकरणों को निर्देश दिए कि सभी ब्लैक स्पॉट पर स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड, स्पष्ट रोड मार्किंग, ट्रैफिक सिग्नल, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा बैरियर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। दुर्घटनाओं के आंकड़ों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर स्थायी समाधान लागू करने पर भी जोर दिया। विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा के लिए स्कूल बसों का विशेष फिटनेस अभियान चलाया जाए और सभी वाहनों में जीपीएस, सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स और आपातकालीन निकास की व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों और वाहन संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा मौजूद रहे। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन कराने का भरोसा दिया।