Noida Airport: यमुना और नोएडा एक्सप्रेसवे पर 16 घंटे बंद रहेगी मालवाहकों की आवाजाही, जानें कब से कब तक रोक
नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में आने वाले लोगों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने लोगों से डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।
विस्तार
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। शनिवार को नोएडा एक्सप्रेसवे के साथ यमुना एक्सप्रेसवे के साथ एयरपोर्ट के आसपास की सड़कों पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी। सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक यह रोक लागू रहेगी।
इसके साथ ही एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में आने वाले लोगों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने लोगों से डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। यातायात पुलिस के अफसरों ने बताया कि नोएडा एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट आने वाले लोगों को गलगोटिया कट से उतरना होगा। वहां से एक्सपो मार्ट गोल चक्कर से यू-टर्न लेने के बाद एनएसजी गोल चक्कर से होकर यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे 60 मीटर रोड गलगोटिया यूनिर्वसिटी की तरफ भेजा जाएगा। फलैदा कट से नगला कंचन तिराहा से बाएं टर्न लेकर दयानतपुर इंटरचेंज के नीचे से रनहेरा पुलिस चौकी पहुचेंगे। वहां चौकी के सामने अस्थायी गेट से प्रवेश दिया जाएगा।
वहीं ग्रेनो वेस्ट और सूरजपुर की तरफ से परी चौक आने वाले वाहनों को पी-3 गोल चक्कर से होंडा चौक भेजा जाएगा। होंडा चौक से दाएं मुड़कर पुस्ता तिराहा से होकर वाहनों को गलगोटिया यूनिर्वसिटी की तरफ भेजा जाएगा। 60 मीटर रोड से होकर वाहन फलैदा कट नगला कंचन तिराहे से बाएं मुड़कर दयानतपुर इंटरचेंज के नीचे से पुलिस चौकी के सामने बने अस्थायी गेट से प्रवेश करेंगे।
अफसरों ने बताया कि दनकौर, रोनीजा, रबूपुरा की तरफ से आने वाले वाहन दनकौर रबूपुरा सर्विस मार्ग होकर फलैदा कट से बाएं तिरथली चौराहा पहुंचेंगे। वहां से दाएं मुड़कर दयानतपुर इंटरचेंज के नीचे से होकर नहर की पटरी पर पहुंचेंगे और फिर सिवारा की पुलिया से बाएं तरफ अस्थायी गेट से प्रवेश कर सकेंगे। उधर जेवर कस्बा की तरफ से आने वाले वाहनों को साबौता अंडरपास से किशोरपुर गेट से प्रवेश दिया जाएगा।
इन मार्ग से आ सकते है आसपास व अन्य जिलों के लोग
- मेरठ व गाजियाबाद से आने वाले वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल होकर सिरसा टोल से नीचे उतरकर सिरसा गोलचक्कर से डाढ़ा गोलचक्कर पहुंचेंगे। वहां से सुपरटेक गोलचक्कर से नट मढ़ैया गोलचक्कर से होंडा सीएल चौक से होकर पुस्ता तिराहा (एटीएस) पहुंचेंगे। फिर वहां से बाएं टर्न लेकर गलगोटिया यूनिवर्सिटी से सामने से डबल सर्विस रोड होकर फलैदा (खूपुरा) कट से नगला कंचन तिराहा पहुंचेंगे। वहां से बाएं टर्न कर दयानतपुर होकर दयानतपुर इंटरचेंज के नीचे रनेहरा पुलिस चौकी के सामने बने अस्थायी गेट से प्रवेश कर निर्धारित सामान्य पार्किंग पी-07 मेरठ और पी-6 गाजियाबाद पर पहुंच सकेंगे।
- मथुरा व अलीगढ़ से यमुना एक्सप्रेसवे होकर आने वाले वाहन जेवर टोल पार करने के बाद जेवर कट से उतरकर दाहिने मुड़कर सबौता अंडरपास से किशोरपुर गेट से प्रवेश कर एयरपोर्ट परिसर में निर्धारित सामान्य पार्किंग पर पहुंच सकेंगे।
- हापुड़, बुलंदशहर, गभाना, खुर्जा, जहांगीरपुर, बंकापुर की तरफ से आने वाले वाहन जेवर खुर्जा मार्ग पर ग्राम थोरा से पहले दाहिने मुड़कर पारोही गेट से एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश कर टाटा बीचिंग प्लांट के सामने दाएं तरफ निर्धारित सामान्य पार्किंग पहुंचेंगे।
वीआईपी, मीडिया व अफसरों को दो जगह से प्रवेश
जिले के विभिन्न स्थानों से एयरपोर्ट आने वाले वीवीआईपी, वीआईपी यमुना एक्सप्रेसवे से होकर एयरपोर्ट के इंटरचेंज पर उतरेंगे। वहां से निर्धारित पार्किंग पर वाहनों को खड़ा किया जाएगा। पार्किंग से शटल सेवा से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा। वहीं मीडिया के वाहन किशोरपुर गेट से प्रवेश कर पार्किंग तक पहुंचेंगे। पुलिस व प्रशासनिक और अन्य विभाग के कर्मचारी व अधिकारी भी इसी गेट से प्रवेश करेंगे। वहीं प्रशासनिक बस दयानतपुर मार्ग से होकर एयरपोर्ट परिसर में निर्धारित पार्किंग तक जाएंगी।
मालवाहक वाहनों का डायवर्जन
जेवर टप्पल मार्ग पर गोपालगढ़ की तरफ से जेवर आने वाले कॉमर्शियल वाहनों को वापस टप्पल की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। जो टप्पल व पलवल होकर अपने गंतव्य की ओर ज सकेंगे। कस्बा खुर्जा से जेवर कस्बा की तरफ आने वाले कॉमर्शियल वाहनों को कस्बा खुर्जा से ही डायवर्ट किया जाएगा। सिकंदराबाद व ककोड़ से जेवर आने वाले कॉमर्शियल वाहनों को कस्बा चचुरा नहर पुल से खेरली की तरफ डायवर्ट भेजा जाएगा। आगरा से से आने वाले यातायात को जेवर टोल से पहले बने यू-टर्न से आगरा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वो वाहन अलीगढ़ टप्पल होकर अपने गंतव्य जा सकेंगे। वहीं नोएडा व ग्रेटर नोएडा से यमुना एक्सप्रेसवे का प्रयोग कर आगरा जाने वाले वाहन परी चौक से अल्फा कॉमर्शियल गोलचक्कर होकर मेट्रो डिपो से गोलचक्कर से 130 मीटर रोड पर पहुंचकर सिरसा गोलचक्कर से ईस्टर्न पेरिफेरल से होकर गंतव्य तक जा सकेंगे। उधर मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद से ईस्टर्न पेरिफेरल से यमुना एक्सप्रेस-वे का प्रयोग कर आगरा, मथुरा, लखनऊ व अन्य जगह जाने के लिए ईस्टर्न पेरिफेरल के बील अकबरपुर से उतरकर एनएच-91 का प्रयोग कर गन्तव्य को जा सकेगे। पलवल से ईस्टर्न पेरिफेरल होकर नोएडा एक्सप्रेसवे होकर अन्य स्थानों पर जाने वाले वाहनों का सिरसा लूप से उतरने नहीं दिया जाएगा। एनएच-24 व 91, ईस्टर्न पेरिफेरल पर नो एंट्री के नियम के साथ आवागमन सामान्य रहेगा।