तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का हाथ: सूबे सिंह को भारी पड़ी अपनी ये बुरी आदत, पहले पत्नी गंवाई फिर जान
परिजनों के अनुसार रविवार देर शाम सूबे सिंह ने अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत की और उसे वापस घर आने के लिए कहा। हालांकि पत्नी ने फिलहाल घर लौटने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात से सूबे सिंह काफी परेशान हो गया।
विस्तार
हरियाणा स्थित नूंह जिले के थाना नगीना क्षेत्र के गांव मांडीखेड़ा में 36 वर्षीय एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सूबे सिंह पुत्र किशनी निवासी गांव मांडीखेड़ा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
नाराज होकर चली गई थी पत्नी
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूबे सिंह काफी समय से शराब पीने का आदी था। इसी बात को लेकर कुछ दिन पहले उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि झगड़े के बाद उसकी पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद सूबे सिंह और अधिक शराब पीने लगा था, जिससे घर में तनाव का माहौल बना हुआ था।
फोन कर पत्नी से कहा था लौट आओ
परिजनों के अनुसार रविवार देर शाम सूबे सिंह ने अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत की और उसे वापस घर आने के लिए कहा। हालांकि पत्नी ने फिलहाल घर लौटने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात से सूबे सिंह काफी परेशान हो गया और देर रात उसने घर के कमरे में पंखे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पंखे से लटका मिला सूबे सिंह
सोमवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर देखा तो सूबे सिंह फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजन तुरंत उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल मांडीखेड़ा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूबे सिंह के हैं तीन बच्चे
बताया गया है कि मृतक के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और एक लड़की शामिल हैं। पिता की मौत के बाद बच्चों और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद थाना नगीना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।