शादी के एक दिन बाद मां-बेटे की मौत: थार की टक्कर से गई जान, जिस घर में गूंज रही थीं शहनाइयां, वहां अब चीत्कार
मंगलवार रात लहरवाड़ी-सिंगलहेड़ी मार्ग पर थार और बाइक की टक्कर में मां रिहाना (45) और बेटे वकील (27) की मौके पर मौत हो गई। एक दिन पहले ही उनके घर में शादी हुई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक दिन पहले जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां मंगलवार देर रात चीख-पुकार और मातम छा गया। लहरवाड़ी-सिंगलहेड़ी मार्ग पर तेज रफ्तार थार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर डायल-112 व सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल भिजवाया।
मृतकों की पहचान वकील (27) और उसकी मां रिहाना (45) निवासी गांव आलमपुर पहाड़ी, राजस्थान के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन रिजवान ने बताया कि सोमवार को ही मृतक वकील के छोटे भाई मुज्जमिल की शादी थी। घर में खुशी का माहौल था।
रिश्तेदारों और मेहमानों की आवाजाही लगी हुई थी। शादी के बाद परिवार अभी खुशियों में डूबा ही था कि मंगलवार रात यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया गया कि मां-बेटे मंगलवार दिन में किसी काम से अपने मामा के घर मलाई गांव गए थे। देर शाम दोनों बाइक से वापस अपने गांव आलमपुर लौट रहे थे।
जैसे ही वे लहरवाड़ी गांव के पास पहुंचे, सामने से तेज गति में आ रही थार गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों कई फीट दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर डायल-112 और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मांडीखेड़ा अस्पताल पहुंचाया। वहीं दुर्घटना के बाद थार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
जांच अधिकारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों मृतकों के शवो का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।