{"_id":"6a7e1487072f7bf5dd0f04c9","slug":"tiranga-yatra-taken-out-in-the-city-two-records-set-delhi-ncr-news-c-24-1-pal1008-126968-2026-08-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi NCR News: शहर आन-बान-शान से निकली तिरंगा यात्रा, बने दो रिकॉर्ड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi NCR News: शहर आन-बान-शान से निकली तिरंगा यात्रा, बने दो रिकॉर्ड
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में पुलिस लाइन से शुरू हुई यात्रा, 20 स्थानों पर हुआ स्वागत, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर बृहस्पतिवार को जिले में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। खेल एवं युवा सशक्तीकरण मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में पुलिस लाइन से पांच किलोमीटर लंबे और 10 फीट चौड़े विशाल तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सड़क के दोनों ओर हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया। तिरंगा यात्रा ने इसी के साथ दो विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए। 20 स्थानों पर पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों के साथ यात्रा का स्वागत किया गया। इसमें स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया।
ये रिकॉर्ड बने
दो विश्व रिकॉर्ड में पांच किलोमीटर लंबे व 10 फीट चौड़े विशाल तिरंगे और 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों के एक साथ तिरंगा थामना शामिल है। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने इनके प्रमाण-पत्र दिए।
विज्ञापन
गौरव गौतम ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह यात्रा एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश देती है। उन्होंने यात्रा में शामिल नागरिकों और विभिन्न संगठनों का आभार जताया। यात्रा में उपायुक्त डॉ. जितेंद्र छिल्लर, पुलिस कप्तान नितीश अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैसला, नगर आयुक्त मनीषा शर्मा और एसडीएम भूपेंद्र सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
10 से अधिक छात्राएं बेहोश
सुबह 7:30 बजे प्रस्तावित तिरंगा यात्रा करीब 10 बजे शुरू हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं लंबे समय तक तेज धूप में खड़े रहे। गर्मी और डिहाइड्रेशन के चलते 10 से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और कुछ बेहोश हो गईं। उन्हें एंबुलेंस से जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार किया। अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद डॉ. अमित के अनुसार, छात्राओं के खाली पेट रहने और डिहाइड्रेशन के कारण चक्कर आए थे। जिला सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र वशिष्ठ ने भी अस्पताल पहुंचकर भर्ती छात्रों का हालचाल जाना।
छेड़छाड़ व मारपीट की शिकायत
यात्रा के दौरान अटोहा गांव के पास छात्राओं से छेड़छाड़ और शिक्षकों से मारपीट के भी आरोप लगे। शहर के एक निजी स्कूल के शिक्षकों ने आरोप लगाया कि करीब 10-12 युवक छात्राओं के साथ अभद्रता कर रहे थे। विरोध करने पर शिक्षकों और कुछ छात्रों के साथ मारपीट की गई। शिक्षकों ने प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद तत्काल सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। वहीं, सदर थाना प्रभारी हरिकिशन ने बताया कि उन्हें ऐसी जानकारी नहीं मिली है।
छात्राओं से बातचीत
सुबह छह बजे ही यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंच गई थी, जो 10 बजे शुरू हुई। छाया, छात्रा
सुबह से तेज धूप में खड़े रहने के कारण तबीयत बिगड़ गई और उल्टियां होने लगीं। -अंशु, छात्रा
गर्मी में काफी समय तक खड़े रहने के कारण चक्कर और बेचैनी की शिकायत हुई। -जया, छात्रा