Weather: शीतलहर के साथ कोहरे की चपेट में उत्तर भारत, पहाड़ों पर बर्फबारी; दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज
दिल्ली में भी मौसम करवट ले रहा है। बीते कुछ दिनों से दिल्ली कोहरे और सर्द हवाओं की आगोश में है। दिन में धूप का समय भी कम हो गया है। अनुमान है कि महीने के अंत तक दिल्ली में कड़ाके की ठंड होगी।
विस्तार
देश के अलग-अलग हिस्सों में सर्दी का असर तेज हो गया है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में शीतलहर के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार आने वाले दिनों में यह स्थिति बनी रह सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।
आईएमडी के मुताबिक उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 20-21 दिसंबर के आसपास जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। कश्मीर में अब सर्दी अपने सबसे कठोर दौर ‘चिल्ले कलां’ की ओर बढ़ रही है, जो 21 दिसंबर से शुरू होगा। 40 दिनों तक चलने वाले इस दौर में बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है और तापमान में तीखी गिरावट देखी जाती है। वहीं, पूर्वी और मध्य भारत में ठंडी हवाओं के कारण रात का तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है। दक्षिण भारत में फिलहाल मौसम स्थिर है और तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
बालटाल और जोजिला में गिरी बर्फ...
कश्मीर के कई ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार रात बर्फबारी हुई। गांदरबल जिले में श्रीनगर-द्रास मार्ग पर जोजिला, मिनीमर्ग और बालटाल में ताजा बर्फ गिरी, जबकि बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी के तुलैल क्षेत्र में भी बर्फबारी दर्ज की गई। दिसंबर में पहली बार श्रीनगर का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से ऊपर पहुंच गया। शनिवार रात न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इससे एक रात पहले यह माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस था। रविवार सुबह श्रीनगर और कश्मीर के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री और पहलगाम में 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। घाटी में पुलवामा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह कश्मीर का एकमात्र स्थान रहा, जहां पारा जमाव बिंदु से नीचे रहा।
पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 दिसंबर को बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो सकती है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 से 16 दिसंबर के बीच घने से बहुत घने कोहरे के हालात बन सकते हैं। इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, असम-मेघालय में भी कोहरे का असर सड़क, रेल और हवाई यातायात को प्रभावित कर सकता है।
लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
सुबह और देर रात के समय सड़कों पर वाहन चलाने, रेल परिचालन और हवाई सेवाओं पर इसका सीधा असर पड़ने की आशंका है। ठंडी हवाओं के साथ नमी के बढ़े स्तर और हवाओं की गति के कमजोर पड़ने से कोहरा लंबे समय तक टिक सकता है, ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम से जुड़े आधिकारिक अलर्ट पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।
उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में वृद्धि के आसार
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी संभव है, जबकि मध्य और पूर्वी भारत में अगले छह दिनों तक बड़े बदलाव की संभावना कम है।
- विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र को छोड़कर शेष महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों में तापमान स्थिर रह सकता है, इसके बाद चार दिनों में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि संभव है
दिल्ली में बदला रहा है मौसम
दिल्ली में भी मौसम करवट ले रहा है। बीते कुछ दिनों से दिल्ली कोहरे और सर्द हवाओं की आगोश में है। दिन में धूप का समय भी कम हो गया है। अनुमान है कि महीने के अंत तक दिल्ली में कड़ाके की ठंड होगी।