सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Weather: Thunderstorms and rain at 100 km/h, poles uprooted...trees fell in Delhi-NCR

Weather: 100 किमी की रफ्तार से आंधी-बारिश, खंभे उखड़े...दिल्ली-एनसीआर में पेड़ गिरे; 300 से ज्यादा वाहन दबे

अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Fri, 05 Jun 2026 03:42 AM IST
विज्ञापन
सार

आईएमडी ने दो से तीन दिन में हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान -मुजफ्फरबाद में गरज, चमक व 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब व पश्चिमी यूपी में शुक्रवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश संभव है। 

Weather: Thunderstorms and rain at 100 km/h, poles uprooted...trees fell in Delhi-NCR
मौसम का असर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार

पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में बृहस्पतिवार सुबह तेज धूप के बाद दोपहर में अचानक मौसम बदल गया। आसमान में छाए काले बादलों और धूल भरी आंधी-तूफान से दिन में ही अंधेरा छा गया और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। एक से डेढ़ घंटे बाद मौसम का कहर थमा, तो हर तरफ तबाही का मंजर देखने को मिला। 



दिल्ली-एनसीआर में ही करीब 500 पेड़ व बिजली के खंभे-तार गिर गए। इनकी चपेट में आने से 300 से अधिक गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी-बारिश में कई घरों की खिड़कियों के शीशे चटक गए, टिन के छप्पर उड़ गए और सड़कों पर पानी भर गया। ग्रेटर नोएडा में तेज हवा से निर्माणाधीन इमारत से एक मजदूर नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


सबसे ज्यादा तबाही नोएडा व ग्रेटर नोएडा में देखने को मिली। दर्जनों सेक्टरों में पानी भर गया, पेड़ और उनकी टहनियां गिरने से वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। दिल्ली में बुराड़ी, मॉडल टाउन से महरौली, हौजखास, आरके पुरम, डिफेंस कॉलोनी, शाहदरा व आईटीओ, अक्षरधाम और एनसीआर में आंधी-तूफान एवं जोरदार बारिश का असर दिखा। कई जगह जाम लग गया और सड़कों पर घंटों वाहन रेंगते रहे।  खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से 11 उड़ानों को दूसरे शहरों को भेजना पड़ा।  
विज्ञापन
Trending Videos


यूपी के 12 से अधिक जिलों में आंधी-पानी
उत्तर प्रदेश के एनसीआर के जिलों के अलावा संभल, अलीगढ़, अयोध्या समेत 12 से अधिक जिलों में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। एक से डेढ़ घंटे में कई जगह 10 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का 40 से अधिक जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट था। 18 जून तक प्रदेश में मानसून के गोरखपुर के रास्ते प्रवेश करने की उम्मीद है।

पश्चिम विक्षोभ से बदला मौसम
मौसम में अचानक आया बदलाव उत्तरी पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से आया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और उत्तराखंड में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई। कई जगह ओले भी पड़े।  पंजाब के अमृतसर और हरियाणा के सात जिलों में धूल भरी आंधी और गुरुग्राम, सोनीपत व रोहतक समेत आठ जिलों में तेज बारिश हुई।

नोएडा में सबसे ज्यादा 15.7 डिग्री तक गिरा पारा
एनसीआर के तापमान में 15 डिग्री सेल्सियस से अधिक तक की गिरावट दर्ज की गई है। नोएडा में सबसे ज्यादा 15.7 डिग्री पारा गिरा और यह 37.3 डिग्री से 21.6 डिग्री पर आ गया। गाजियाबाद के हिंडन में 39.2 डिग्री से लुढ़क कर 24.6 डिग्री पर आ गया, जबकि दिल्ली में 40 डिग्री से 31 डिग्री पर आ गया। 

केरलम पहुंचा मानसून, शुरू हुई झमाझम 
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को आधिकारिक तौर पर केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन का एलान कर दिया। इसके साथ, देश में चार महीने के बारिश के मौसम का आगाज हो गया। 

  • इस साल मानसून तीन दिन देरी से आया है। मानसून ने लक्षद्वीप द्वीप समूह, केरलम व पुडुचेरी को आच्छादित कर लिया। अगले दो-तीन दिन में इसके गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश व कर्नाटक के हिस्सों के साथ तमिलनाडु के बाकी हिस्सों व पूर्वोत्तर के राज्यों तक पहुंचने के लिए हालात अनुकूल बने हुए हैं
  • अगले 6-7 दिन के भीतर केरलम, तमिलनाडु और कर्नाटक में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है

हिमाचल में चोटियों पर बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्र रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर जून में भी बर्फबारी का दौर जारी है। रोहतांग दर्रा समेत लाहौल-स्पीति और धौलाधार की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। रोहतांग में शाम करीब चार बजे के बाद बर्फबारी शुरू हुई। बारालाचा, कुंजम, शिंकुला, सीबी रेंज और धौलाधार की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। 

मौसम का अलर्ट
आईएमडी ने दो से तीन दिन में हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान -मुजफ्फरबाद में गरज, चमक व 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब व पश्चिमी यूपी में शुक्रवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश संभव है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed