तेजाब कांड में लव एंगल: प्रेमी की होने वाली दुल्हन, प्रेमिका को न थी पसंद; न माना लड़का तो लड़की पर एसिड अटैक
एक युवती ने अपने पूर्व प्रेमी की होने वाली दुल्हन पर तेजाब फेंक दिया। शादी न सह पाने के कारण उसने बदले की भावना से पीड़िता पर तेजाब हमला कर दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 26 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में अपने प्रेमी की होने वाली दुल्हन पर एक युवती ने तेजाब से हमला कर दिया। हालांकि गोकलपुर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तेजाब फेंकने वाली 26 वर्षीय युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिवार वालों ने तुरंत पीड़िता को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़िता को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा परिवार
उत्तर-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि मंगलवार दोपहर को सूचना मिलने के बाद गोकुलपुरी थाने की एक टीम इंदिरा विहार इलाके में स्थित घटनास्थल पर पहुंची, जहां पता चला कि पीड़िता को उसके परिवार के सदस्य पहले ही गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जा चुके हैं। जांच में पता चला है कि पीड़िता (21) की शादी एक व्यक्ति के साथ तय हुई थी और अप्रैल महीने में ही उनकी शादी होने वाली थी।
तेजाब कांड में प्यार का एंगल
हालांकि आरोपी महिला का इसी व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध होने का दावा किया है और वह इस शादी का विरोध कर रही है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि ईर्ष्या और गुस्से के कारण आरोपी ने पीड़िता पर तेजाब से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला की पहचान कर उसे पकड़ लिया गया है।
'आरोपी को तेजाब कहां से मिला'
पीड़िता का जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत पर करीब से नजर रखी जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हमले की वजह बनी अन्य जानकारियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी को तेजाब कहां मिला।
इसके साथ ही मौके पर क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का मुआयना कर कई अहम सुराग और वैज्ञानिक सबूत इकट्ठा किए। जांच के दौरान पता चला कि मामला प्रेम प्रसंग का है। पीड़िता की जिस लड़के से शादी हुई थी, उस लड़के से आरोपी युवती का पहले से प्रेम संबंध था। उसे अपने प्रेमी का किसी दूसरी लड़की से शादी करना पसंद नहीं आया। वह पीड़िता की जिंदगी तबाह करने के लिए उसके घर गई और उस पर तेजाब फेंक दिया।

कमेंट
कमेंट X