ISRO Internship 2026: रिमोट सेंसिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी सीखने का मौका, 30 अक्तूबर तक करें आवेदन
ISRO Internship 2026: रिमोट सेंसिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्रों और शोधार्थियों के लिए इसरो के साथ सीखने का शानदार अवसर है। इच्छुक उम्मीदवार 30 अक्तूबर तक आवेदन कर विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में काम करने का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ISRO Internship: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अधीन कार्यरत इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (आईआईआरएस), देहरादून ने एक्सटर्नल स्टूडेंट इंटर्नशिप और स्टूडेंट प्रोजेक्ट ट्रेनी स्कीम के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, रिमोट सेंसिंग, जियोइन्फॉर्मेटिक्स और पृथ्वी अवलोकन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों पर काम करने का अवसर उपलब्ध कराना है। चयनित छात्र संस्थान के वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट और रिसर्च क्षेत्र से जुड़ सकेंगे।
इन छात्रों को मिलेगा मौका
इंटर्नशिप योजना के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान में अध्ययनरत या आवेदन से छह माह पहले तक डिग्री पूरी कर चुके यूजी, पीजी और पीएचडी छात्र आवेदन कर सकते हैं। वहीं स्टूडेंट प्रोजेक्ट ट्रेनी स्कीम के तहत बीई/बीटेक, एमई/एमटेक, बीएससी, एमएससी, डिप्लोमा और पीएचडी के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग पात्रताएं तय की गई हैं। सभी आवेदकों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक या 10 में 6.32 सीजीपीए प्राप्त करना अनिवार्य है। इंटर्नशिप की न्यूनतम अवधि 45 दिन होगी, जबकि कुछ प्रोजेक्ट्स की अवधि एक वर्ष भी हो सकती है।
स्टाइपेंड नहीं, मिलेगा अनुभव
इस इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को किसी प्रकार का स्टाइपेंड, मानदेय या आवास सुविधा नहीं दी जाएगी। हालांकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रोजेक्ट रिपोर्ट के मूल्यांकन के आधार पर प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। विद्यार्थियों को केवल निर्धारित व ऐसे क्षेत्रों में कार्य करने की अनुमति होगी, जिनमें संवेदनशील, रणनीतिक या राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी डाटा शामिल न हों। संस्थान की अनुमति के बिना प्रोजेक्ट से संबंधित किसी भी रिपोर्ट या शोध पत्र को प्रकाशित नहीं किया जा सकेगा। इसरो जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में कार्य करने का अनुभव आगे की पढ़ाई और कॅरिअर के लिए उपयोगी माना जाता है।
- मान्यता प्राप्त संस्थान में अध्ययनरत या आवेदन से छह माह पहले तक डिग्री प्राप्त कर चुके यूजी, पीजी और पीएचडी के विद्यार्थी आवेदन के पात्र हैं।
- इंटर्नशिप की न्यूनतम अवधि 45 दिन होगी।
- कुछ प्रोजेक्ट्स की अवधि एक वर्ष भी निर्धारित की गई है।
- प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्रों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया
इच्छुक उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक लिंक tinyurl.com/4dtasx4b पर जाएं। पेज खुलने के बाद सबसे ऊपर दिए गए 'अप्लाई नाउ' विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद आवेदन प्रपत्र में मांगी गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां सावधानीपूर्वक भरकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 अक्तूबर, 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन के साथ कॉलेज का एनओसी, अनुशंसा पत्र तथा आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज अपलोड करने अनिवार्य हैं। अभ्यर्थियों का चयन उपलब्ध सीटों, शैक्षणिक प्रदर्शन, अध्ययन विषय तथा प्रस्तावित परियोजना की उपयुक्तता आदि के आधार पर किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को ई-मेल एवं पोर्टल के माध्यम से सूचित किया जाएगा। अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और विशेषज्ञ वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में कार्य करने का यह एक बेहतरीन अवसर है।