NEET PG 2026: सिटी स्लिप के इंतजार के बीच NBEMS का अहम नोटिस, फोटो-हस्ताक्षर में गलती सुधारने का दिया मौका
NEET PG 2026: नीट पीजी 2026 की सिटी स्लिप के इंतजार के बीच NBEMS ने अहम नोटिस जारी किया है। परीक्षा बोर्ड ने आवेदन में जिन उम्मीदवारों की फोटो, हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान की इमेज तय नियमों के अनुसार अपलोड नहीं हुई है, उन्हें सुधार का आखिरी मौका दिया गया है। सेलेक्टिव एडिट विंडो 12 से 15 अगस्त तक खुली रहेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
NEET PG 2026: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने 11 अगस्त 2026 को नीट पीजी 2026 उम्मीदवारों के लिए जरूरी सूचना जारी की है। इसमें बताया गया है कि कुछ उम्मीदवारों ने आवेदन पत्र में फोटो, हस्ताक्षर और/या अंगूठे के निशान की इमेज तय अपलोड निर्देशों के अनुसार सही तरीके से अपलोड नहीं की है।
ऐसे उम्मीदवारों को अपनी गलत इमेज सुधारने के लिए आखिरी मौका दिया गया है। एनबीईएमएस के अनुसार, सेलेक्टिव एडिट विंडो 12 अगस्त 2026 को दोपहर 1 बजे से 15 अगस्त 2026 रात 11:55 बजे तक खुली रहेगी।
इमेज सुधारने की अंतिम तारीख क्या है?
उम्मीदवार इस अवधि में केवल अपनी उन इमेज को सुधार सकेंगे, जिन्हें एनबीईएमएस ने अपलोड निर्देशों के अनुरूप नहीं पाया है।
- एडिट विंडो शुरू: 12 अगस्त 2026, दोपहर 1 बजे
- एडिट विंडो बंद: 15 अगस्त 2026, रात 11:55 बजे
- मौका: केवल चिन्हित गलत इमेज में सुधार के लिए
- इसके बाद: इमेज सुधारने का कोई और मौका नहीं मिलेगा
उम्मीदवार कैसे चेक करें कि उनकी इमेज रिजेक्ट हुई है?
एनबीईएमएस ने बताया है कि संबंधित उम्मीदवारों को उनके आवेदन में रिजेक्ट की गई इमेज की स्थिति के बारे में ईमेल के जरिए पहले ही जानकारी दी जा चुकी है।
उम्मीदवार अपने NEET-PG 2026 आवेदन में दिए गए ईमेल और मोबाइल नंबर को सक्रिय रखें। इसके अलावा, वे एनबीईएमएस की वेबसाइट पर अपने लॉगिन क्रेडेंशियल के जरिए फोटो, हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान की स्वीकृति या अस्वीकृति की स्थिति भी देख सकते हैं।
यहां देखें उन उम्मीदवारों की सूची, जिनके आवेदन में त्रुटि है...
इमेज सुधारने से पहले क्या करें?
एनबीईएमएस ने उम्मीदवारों को नीट पीजी 2026 सूचना बुलेटिन के पेज 110 से 127 तक दिए गए इमेज अपलोड निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है।
इन पेजों पर फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान से जुड़े जरूरी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पेज 120 से 127 पर रिजेक्ट की गई इमेज के नमूने भी दिए गए हैं। उम्मीदवार इन्हें देखकर समझ सकते हैं कि उनकी इमेज किन कारणों से स्वीकार नहीं की गई।
इस बार के बाद नहीं मिलेगा कोई मौका
एनबीईएमएस ने साफ किया है कि गलत इमेज को ठीक करने के लिए यह अंतिम अवसर है। सेलेक्टिव एडिट विंडो बंद होने के बाद उम्मीदवारों को इमेज सुधारने का कोई चौथा मौका नहीं दिया जाएगा।
इसलिए जिन उम्मीदवारों को इमेज सुधारने के लिए सूचना मिली है, उन्हें 15 अगस्त रात 11:55 बजे से पहले जरूरी बदलाव पूरा कर लेना चाहिए।