फिल्म जगत में बहुत सी ऐसी प्रेम कहानियां हैं जो परवान तो चढ़ीं लेकिन मुकम्मल नहीं हो पाईं। वैलेंटाइन वीक के मौके पर आज हम उन्हीं अधूरी कहानियों से आपको रुबरू करवाएंगे, जिनके प्यार के चर्चे तो बहुत थे लेकिन उन्हें मुकाम हासिल नहीं हो सका।
इश्क तो जमकर लड़ाया लेकिन शादी तक नहीं पहुंचा इन सितारों का रिश्ता, ये हैं बॉलीवुड की अधूरी प्रेम कहानियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मधुबाला और दिलीप कुमार
शुरुआत करेंगे 50 के दशक की बॉलीवुड की बेहद हसीन अदाकारा मधुबाला से। मधुबाला और दिलीप कुमार की गहरी प्रेम कहानी अधूरी रह गई। इन दोनों के प्यार के किस्से उस समय के अखबारों में सुर्खियां बटोर रहे थे। पर्दे पर इनकी जोड़ी सुपरहिट थी। दर्शक भी इन्हें साथ देखना पसंद करते थे। इस हिट जोड़ी ने मुगल-ए-आजम जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दी, जिसने भारतीय सिनेमा में एक इतिहास रचा और आज 70 साल बाद भी इसे देखा जाता है। लेकिन मधुबाला के पिता के विरोध और बी. आर. चोपड़ा के एक केस के बाद इनके रिश्ते में दरार आ गई।
नरगिस और राजकपूर
नरगिस और राजकपूर के रिश्ते को बॉलीवुड की चुनिंदा कहानियों में गिना जाता है। दोनों के बीच गहरा प्रेम था। फैंस आज भी इनकी अधूरी प्रेम कहानी को याद करते हैं। दोनों ने कई हिट फ़िल्में दीं।1946 में इनकी मुलाकात हुई थी क्योंकि इनको ‘आग’ फिल्म में साथ काम करना था। धीरे धीरे इनका प्यार परवान चढ़ा, लेकिन राजकपूर पहले से ही शादीशुदा थे। नरगिस अपने प्यार को नाम देना चाहती थीं और उन्हें एहसास हो गया था कि राजकपूर कभी भी कृष्णा कपूर को नहीं छोड़ेंगे। फिर नरगिस की मुलाकात सुनील दत्त से हुई और वे उनके साथ जिंदगी में आगे बढ़ गईं।
अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी
एक वक्त था जब खिलाड़ी अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी का प्यार परवान पर था। उस वक्त ऐसी भी खबरें आई थीं कि अक्षय और शिल्पा जल्द ही शादी के बंधन में बंध जाएंगे। लेकिन अक्षय चाहते थे कि उनकी पत्नी फिल्मों में काम न करें। वहीं शिल्पा अपने आपको एक सफल अभिनेत्री के तौर पर देखना चाहती थीं। ऐसे में शिल्पा और अक्षय का ये रिश्ता नहीं चल पाया। जिसके बाद अक्षय ने ट्विंकल और शिल्पा ने राज कुंद्रा से शादी कर ली।
सलमान खान और ऐश्वर्या राय
जब प्रेम कहानियों की बात हो तो बॉलीवुड के दबंग खान यानी सलमान खान को कौन भूल सकता है। 90 के दशक में बॉलीवुड के दबंग सलमान खान का इश्क ऐश्वर्या राय के साथ अपने शबाब पर था। लेकिन ये प्यार भी पूरा न हो सका। ऐसा कहा जाता है कि सलमान खान का ओवर पजेसिव व्यवहार और ऐश्वर्या की जिंदगी में ज्यादा दखल देना उनके रिश्ते के टूटने की वजह बनी। सलमान खान अक्सर ऐश्वर्या की फिल्मों के शूट्स तक में पहुंच जाया करते थे। ऐसे में ऐश्वर्या ने इस रिश्ते को खत्म कर दिया और बाद में अभिषेक बच्चन से शादी की। हालांकि सलमान खान आज भी सिंगल हैं।