जान्हवी-खुशी और बोनी कपूर ने दी मद्रास हाईकोर्ट में याचिका, श्रीदेवी की संपत्ति पर ठोका दावा; जानें पूरा मामला
Sridevi Property: श्रीदेवी की प्रॉपर्टी से जुड़े मामले में अब बोनी कपूर, जान्हवी कपूर और खुशी कपूर ने मद्रास हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है। जानिए क्या है पूरा मामला और क्यों कोर्ट पहुंचे बाप और बेटियां…
विस्तार
निर्माता बोनी कपूर और उनकी अभिनेत्री बेटियां जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर ने दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की चेन्नई स्थित संपत्ति की रक्षा के लिए मद्रास उच्च न्यायालय का रुख किया है। लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, तीनों ने चेंगलपट्टू के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के उस आदेश के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाया है, जिसमें ईस्ट कोस्ट रोड के पास स्थित श्रीदेवी की संपत्ति से संबंधित दायर याचिका को खारिज करने से इनकार कर दिया गया था।
26 मार्च को होगी सुनवाई
लाइव लॉ की रिपोर्ट में कहा गया कि यह याचिका सोमवार 16 मार्च को न्यायमूर्ति टीवी थमिलसेल्वी के समक्ष आई। उन्होंने कपूर परिवार की संयुक्त पुनरीक्षण याचिका पर 26 मार्च 2026 को सुनवाई करने का फैसला लिया है। तब तक जिला न्यायालय में सभी आगे की कार्यवाही पर रोक लगा दी।
इन लोगों ने संपत्ति पर जताया हक
चंद्रबानू नामक महिला और उनके दो बच्चों एम.सी. शिवकामी और एम.सी. नटराजन ने श्रीदेवी की चेन्नई स्थित संपत्ति में हिस्सेदारी का दावा करते हुए मुकदमा दायर किया था। वे जमीन में हिस्सेदारी का दावा कर रहे हैं और उन चार बैनामा को अमान्य घोषित करने की मांग कर रहे हैं। जिनके माध्यम से श्रीदेवी और उनकी बहन ने 4.7 एकड़ संपत्ति हासिल की थी। उनका दावा है कि बैनामा फर्जी थे और संपत्ति में उनका हिस्सा है क्योंकि यह उनके दादा की थी।
बोनी कपूर ने दावों को बताया था गलत
खबरों के मुताबिक, पिछले साल बोनी ने एक कानूनी याचिका दायर की थी जिसमें उन्होंने तीनों द्वारा किए गए कथित धोखाधड़ी के प्रयास का ब्योरा दिया था। उन्होंने दावा किया कि इनका दावा कानूनी रूप से मान्य नहीं है और चंद्रभानु का विवाह ही अमान्य है।
क्योंकि यह पहले विवाह के होते हुए किया गया था। उन्होंने 37 साल बाद दायर की गई याचिका पर भी सवाल उठाया था, जिसमें 1988 के दस्तावेजों को चुनौती दी गई थी और याचिका को समय सीमा के कारण खारिज कर दिया गया था।
बोनी कपूर ने जून 1996 में श्रीदेवी से शादी की थी। कपल की दो बेटियां हैं- जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर। दोनों अब बॉलीवुड में अभिनेत्रियां हैं। श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को दुबई में हो गया था।