‘यह फिल्म आपके अंदर रह जाती है’, एकता कपूर ने ‘मैं वापस आऊंगा’ का किया रिव्यू; वेदांग रैना के लिए कही ये बात
Ektaa Kapoor Reviewed Main Vaapas Aaunga: एकता कपूर ने रिलीज से पहले ही इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ देख ली। अब उन्होंने फिल्म की समीक्षा की है। जानिए उन्होंने फिल्म और फिल्म की कास्ट को लेकर क्या कुछ कहा…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इम्तियाज अली ऐसे निर्देशक हैं, जिनकी फिल्मों का लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। क्योंकि उनकी फिल्म इमोशनली काफी स्ट्रॉन्ग होती हैं। इन दिनों इम्तियाज अपनी आगामी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर चर्चाओं में हैं। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद फैंस इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब फिल्म निर्माता व टीवी सीरियल्स की क्वीन कही जाने वाली एकता कपूर ने ‘मैं वापस आऊंगा’ की जमकर तारीफ की है। इस फिल्म ने उन्हें काफी प्रभावित किया।
अंदाजा भी नहीं है फिल्म में क्या होने वाला है?
एकता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर ‘मैं वापस आऊंगा’ से जुड़ा एक लंबा पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने फिल्म का पोस्टर और इम्तियाज अली के साथ अपनी थ्रोबैक फोटोज शेयर कीं। इसके साथ ही एकता ने फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा, ‘फिल्म खत्म होने के काफी समय बाद भी यह मेरे मन में बसी हुई है।
सच में मुझे लिखने के लिए पूरा एक दिन लग गया, क्योंकि मैं एक भी शब्द गलत नहीं लिखना चाहती थी। एक ऐसी फिल्म जिसे पूरी दुनिया जून में देखने वाली है, मुझे मई में देखने का मौका मिला। मैं आपको बता दूं इसकी रिलीज से एक महीना पहले ही मैं बस इतना ही कहना चाहती हूं कि आपको अंदाजा भी नहीं है कि आगे क्या होने वाला है।’
फिल्म आपको सोचने पर मजबूर करती है
एकता ने आगे फिल्म की कहानी के बारे में बात करते हुए लिखा, ‘इस फिल्म का नाम है 'मैं वापस आऊंगा', विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक लव स्टोरी। एक ऐसी फिल्म जो खूबसूरती से दिखाती है कि कैसे पीढ़ियां अलग-अलग सोच सकती हैं, अलग-अलग तरह से जी सकती हैं और अलग-अलग तरह से प्यार कर सकती हैं।
फिर भी किसी न किसी तरह से सब कुछ एक ही बात पर आकर रुकता है, आपको प्यार हो ही जाता है। यह भावुक कर देने वाली, कालजयी और खत्म होने के बहुत बाद तक आपके साथ रहती है। यह एक अनोखी, अविश्वसनीय यादें ताजा कर देती है।
यह हर किसी को उस एक व्यक्ति के बारे में सोचने पर मजबूर कर देती है, जिसके साथ उनका रिश्ता कभी खत्म नहीं हुआ। उस एक व्यक्ति के बारे में जिसके साथ उन्होंने अधूरे वादे किए। उस एक व्यक्ति के बारे में जिसे वे जानते हैं कि वे अपने आखिरी दिन तक याद रखेंगे।
यह फिल्म आपको एक दिल को छू लेने वाले प्यार का एहसास कराती है, उस तरह का प्यार जो दो लोगों ने उस दौर में महसूस किया होगा जब मोबाइल फोन नहीं थे, डिजिटल मीडिया नहीं था। बस तड़प, संयम और वो फीलिंग्स जो हमेशा के लिए रह गईं।’
वेदांग रैना हैं सरप्राइज पैकेज
फिल्म की कास्ट और निर्देशक इम्तियाज अली की तारीफ करते हुए एकता ने कहा कि इम्तियाज बेहतरीन फॉर्म में हैं। एआर रहमान का संगीत करिश्माई है। दिलजीत दोसांझ की सधी एक्टिंग दिल में बस जाती है। वो अपने इमोशन और अपने दोहरे व्यक्तित्व को अपनी आंखों में बयां करते हैं। एक ऐसे युवा का किरदार निभाते हुए, जिसे खुद को व्यक्त करना नहीं आता, किसी के प्रति कमिटेड होना नहीं आता और अपने रिश्तों को संभालना नहीं आता।
लेकिन फिल्म का सरप्राइज पैकेज वेदांग रैना हैं। क्या शानदार एक्टिंग है। मैंने उन्हें 'द आर्चीज' में देखा था और वहां भी वो मुझे पसंद आए थे, लेकिन यहां तो वो वाकई अपना बेस्ट दिया है। वो कमाल के आकर्षक हैं और सरदारजी के रूप में तो वो पक्का सबका दिल जीत लेंगे।
शरवरी वाघ पर्दे पर बेहद खूबसूरत लग रही हैं। उनकी आंखें हर इमोशन को बड़ी ही आसानी और ईमानदारी से दिखाती हैं। उनकी दमदार परफॉर्मेंस है। हम उन्हें और भी कई फिल्मों में देखने के लिए उत्सुक हैं।
नसीरुद्दीन शाह एक आइकॉन हैं। उनके टेलेंट को बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वो जिस तरह के अभिनेता हैं, उसे शब्दों में बयां करना वाकई मुश्किल है।
वेदांग-शरवरी ने एकता को बोला थैंक्यू
एकता के इस फिल्म के रिव्यू और तारीफ पर शरवरी और वेदांग ने प्रतिक्रिया देते हुए उनका आभार जताया। शरवरी ने कमेंट में लिखा, ‘बहुत-बहुत धन्यवाद मैम। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।’ वहीं वेदांग रैना ने एकता कपूर की तारीफ करते हुए कहा, ‘आप बहुत विनम्र हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद मैम।’
12 जून को रिलीज होगी फिल्म
इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित ‘मैं वापस आऊंगा’ की कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में विभाजन का दर्द और एक लव स्टोरी देखने को मिलेगी। पिछले दिनों फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिली हैं। अब फैंस को इंतजार है तो बस फिल्म का। ‘मैं वापस आऊंगा’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म की टक्कर बॉक्स ऑफिस पर कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' से होगी।