Hadh Kar Di Aapne: एक ही सीन में गोविंदा ने निभाए थे कई किरदार, रानी मुखर्जी से अफेयर की उड़ी थी चर्चा
25 years of Hadh Kar Di Aapne: गोविंदा ने नब्बे के दशक में एक से बढ़कर एक कॉमेडी फिल्में कीं। साल 2000 में भी एक कॉमेडी फिल्म ‘हद कर दी आपने’ में वह रानी मुखर्जी के साथ नजर आए। आज इस फिल्म की सिल्वर जुबली है। जानिए, ‘हद कर दी आपने’ फिल्म से जुड़ी कुछ खास बातें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जब भी बॉलीवुड में कॉमेडी फिल्मों का जिक्र होता है, इस लिस्ट में गोविंदा की कई फिल्में शामिल हो जाती हैं। गोविंदा की ही चर्चित फिल्मों में से एक ‘हद कर दी आपने’ भी है। फिल्म को मनोज अग्रवाल ने निर्देशित किया था। यह एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी, जिसमें गोविंदा ने राजू नाम का किरदार निभाया। रानी मुखर्जी ने फिल्म में अंजलि नाम की लड़की का किरदार निभाया। राजू और अंजलि की मुलाकात यूरोप में होती है। दोनों अपने दोस्तों के कहने पर यूरोप जाते हैं, वह अपने दाेस्तों की एक खास काम में मदद करना चाहते हैं। इसी कहानी को लेकर कॉमेडी, रोमांस फिल्म ‘हद कर दी आपने में दिखाया गया। इस फिल्म ने आज अपनी सिल्वर जुबली (14 अप्रैल 2000) पूरी कर ली है। जानिए, गोविंदा की फिल्म ‘हद कर दी आपने’ से जुड़ी कुछ खास बातें।
निभाए चंद मिनट के सीन में कई फनी किरदार
फिल्म ‘हद कर दी आपने’ के हर सीन में गोविंदा अपनी कॉमेडी से दर्शकों को खूब हंसाते हैं। सबसे ज्यादा हंसी दर्शकों को तब आती है, जब चंद मिनट के एक सीन में गोविंदा टीवी के अंदर घुसकर अलग-अलग किरदार निभाते हैं। सीन कुछ इस तरह है कि गोविंदा का किरदार एक आदमी की जासूसी कर रहा है, वह उसकी तस्वीरें एक लड़की के साथ छिपकर क्लिक करता है। यह काम राजू, होटल रूम के पर्दे के पीछे छुपकर करता है। अचानक उस आदमी को लगता है कि कोई उसके कमरे में है। ऐसे में गोविंदा का किरदार राजू होटल रूम के टीवी के अंदर घुस जाता है। यह सीन लॉजिकल नहीं है लेकिन कॉमेडी से भरा है। राजू टीवी के अंदर से अलग-अलग भाषाओं में गाने गाता है, इसी दौरान कभी वह चाइनीज आदमी बन जाता है, कभी अरब का शेख बनता है तो कभी एक मराठी आदमी का गेटअप लेता है। इस सीन में गोविंदा ने दर्शकों को भरपूर हंसाया है। फिल्म का यही सीन सबसे ज्यादा पॉपुलर है और आज भी खूब देखा जाता है।
रानी की जगह ये एक्ट्रेस रहीं पहली पसंद
फिल्म में गोविंदा की हीरोइन रानी मुखर्जी थीं, इनकी जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। बताते चलें कि रानी इस फिल्म के लिए पहली पसंद नहीं थीं। पहले महिमा चौधरी को यह फिल्म ऑफर हुईं लेकिन एक्ट्रेस के पास डेट्स नहीं थीं तो बाद में रानी को यह फिल्म मिली।
इन कलाकारों ने की जमकर कॉमेडी
गोविंदा, रानी मुखर्जी के अलावा फिल्म में जॉनी लीवर, परेश रावल, तनाज ईरानी, राकेश बेदी, अवतार गिल, विजू खोटे, स्मिता जयकर जैसे कलाकार भी नजर आएं। जॉनी लीवर, परेश रावल, राकेश बेदी, विजू खेाटे जैसे कलाकारों ने फिल्म में जमकर कॉमेडी की। इन सभी कलाकारों को दर्शकों ने काफी सराहा।
फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन क्या रहा
गोविंदा की फिल्म ‘हद कर दी आपने’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो इसने भारत में 11 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म का बजट 7 करोड़ रुपये बताया जाता है। इस तरह से गोविंदा और रानी के अभिनय, कॉमेडी से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिर पर सेमी हिट साबित हुई। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गोविंदा की इस फिल्म का रीमेक बनने की बात सामने आई लेकिन अभी तक इस खबर को लेकर कोई अपडेट नहीं है।
फिल्म से जुड़ी और खास बातें
- जिस कॉमेडी सीन में गोविंदा टीवी के अंदर घुसकर कई किरदार निभाते हैं, वह मराठी फिल्म ‘ बालाचे बाप ब्रह्मचारी(1989)’ से इंस्पायर है।
- इस फिल्म की शूटिंग के दौरान रानी मुखर्जी और गोविंदा के अफेयर भी अफवाह भी सुनने को मिली थी।
- इस फिल्म में अरबी गीत ‘जी…जी…’ की धुन को एक कॉमेडी सीन में ‘दीदी….दीदी…’ में इस्तेमाल किया गया।
- गोविंदा की यह फिल्म हॉलीवुड मूवी ‘रोमांस ऑन द सीज्स(1948)’ से इंस्पायर थी। गोविंदा की फिल्म उस साल कनाडा में रिलीज हुई।