‘बीवी नंबर 1’ का रीमेक है वरुण और मृणाल की फिल्म? वायरल चर्चाओं पर मेकर्स ने दी सफाई; दर्शकों से की ये अपील
Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai: डेविड धवन की आगामी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ रिलीज से पहले विवादों में फंस गई है। अब फिल्म के रीमेक बताने की चर्चाओं पर खुद मेकर्स ने प्रतिक्रिया दी है। जानिए क्या कहा…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर ‘है जवानी तो इश्क होना है’ रिलीज से पहले चर्चाओं में बनी हुई है। एक ओर जहां फिल्म डेविड धवन की ही फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ के ‘चुनरी चुनरी’ गाने के रीमिक्स लेकर विवादों में घिरी हुई है। वहीं दूसरी ओर वरुण की फिल्म को रीमेक भी बताया जा रहा है। अब चर्चाओं के बढ़ने पर खुद फिल्म के निर्माता टिप्स ने इस संबंध में एक विस्तृत बयान जारी किया है। साथ ही मेकर्स ने दर्शकों से फिल्म देखने का अनुरोध भी किया है।
ओरिजिनल है ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की कहानी
‘है जवानी तो इश्क होना है’ को रीमेक बताने की चर्चाओं के बीच अब टिप्स ने एक स्पष्टीकरण जारी किया है। मेकर्स की ओर से सोशल मीडिया पर एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया गया है, इसमें लिखा गया, ‘हमें पता चला है कि फिल्म इंडस्ट्री और आम जनता के बीच हमारी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को लेकर चर्चाएं चल रही हैं।
टिप्स, रमेश तौरानी, डेविड धवन, साथ ही फिल्म के सभी कलाकार और क्रू सदस्य यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह फिल्म ओरिजिनल कहानी और स्क्रिप्ट पर आधारित है। यह किसी भी अन्य फिल्म से मिलती-जुलती नहीं है। हमने इस फिल्म को बनाने में अपना पूरा दिल लगा दिया है। अब हम 5 जून को सिनेमाघरों में दर्शकों का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं, ताकि वे एक फैमिली एंटरटेनर का आनंद ले सकें।’
गाने को लेकर भी उठा विवाद
हाल ही में फिल्म में ‘चुनरी चुनरी’ गाने के रीमेक्स को लेकर वासु भगनानी के पूजा एंटरटेनमेंट ने टिप्स के खिलाफ इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स को लेकर केस किया था। इस मामले में कोर्ट ने पूजा एंटरटेनमेंट को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है। यह कानूनी मामला 'कुली नंबर 1', 'हीरो नंबर 1', 'बीवी नंबर 1', 'बड़े मियां छोटे मियां', 'तेरा जादू चल गया' और 'मुझे कुछ कहना है' जैसी फिल्मों से जुड़ा है। यह मामला 'है जवानी तो इश्क होना है' फिल्म की प्रस्तावित रिलीज और उपयोग से भी सीधे तौर पर संबंधित है।
टिप्स ने खुद को म्यूजिक राइट्स का कानूनी मालिक बताया
हाल ही में इस मामले में भी टिप्स ने एक बयान जारी कर कहा था कि वे म्यूजिक राइट्स के कानूनी मालिक हैं। बयान में कहा गया, ‘हालांकि, आदेश की ऑफिशियल कॉपी अभी नहीं मिली है, लेकिन टिप्स स्पष्ट करता है कि वह विवादित म्यूजिक राइट्स का लीगल मालिक है, जिसका समर्थन पक्षों के बीच वैध और बाध्यकारी समझौतों द्वारा किया जाता है। टिप्स ने लगभग तीन दशकों से लागू कानूनों का पूरा पालन करते हुए इन अधिकारों का खुले तौर पर और सही तरीके से इस्तेमाल किया है।'
डेविड धवन द्वारा निर्देशित ‘है जवानी तो इश्क होना है’ 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में मौनी रॉय, जिम्मी शेरगिल, चंकी पांडे और राकेश बेदी समेत कई अन्य कलाकार भी अहम किरदार निभाएंगे।