Indian 2: काजल अग्रवाल को लगा झटका! अभिनेत्री की जगह कमल हासन के साथ काम करती नजर आएंगी दीपिका
काजल अग्रवाल की जगह दीपिका पादुकोण फिल्म 'इंडियन 2' में कमल हासन के साथ काम करती नजर आ सकती हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साउथ फिल्मों का जादू इन दिनों दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। अल्लू अर्जुन से लेकर यश, महेश बाबू और कमल हासन तक सभी ने हिंदी पट्टी के दर्शकों को भी खूब प्रभावित किया है, जिसकी वजह से बॉलीवुड कलाकारों का झुकाव भी साउथ सिनेमा की तरफ बढ़ता जा रहा है। 'विक्रम' से बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने के बाद कमल हासन अपनी अगली फिल्म की शूटिंग में जुट गए हैं। वह अब ब्लॉकबस्टर फिल्म 'इंडियन' के सीक्वल 'इंडियन 2' में काम करते दिखाई देने वाले हैं। जहां कमल हासन फिल्म को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं, वहीं एक ऐसी खबर आ रही है जिसे सुन दीपिका के फैंस काफी खुश हो सकते हैं।
दीपिका की लगी लॉट्री
अगली बार फिल्म निर्देशक एस शंकर की फिल्म 'इंडियन 2' में नजर आने वाले कमल हासन के साथ पहले फिल्म में अभिनेत्री काजल अग्रवाल को कास्ट किया गया था। लेकिन अब खबर है कि सिंघम गर्ल के बेबी होने के बाद फिल्म की स्टारकास्ट में बदलाव किया जा रहा है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 'इंडियन 2' में काजल अग्रवाल को रिप्लेस करने के लिए दीपिका पादुकोण से संपर्क किया गया है। लाइका प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस फिल्म के मेकर्स ने डिंपल गर्ल दीपिका पादुकोण से संपर्क किया है और कहा जा रहा है कि मेकर्स इस महीने के अंत तक इस प्रोजेक्ट से जुड़ने को लेकर उनकी सहमति मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
ये है काजल को हटाने की वजह
बता दें कि रिपोर्ट्स में फिल्म से काजल अग्रवाल का पत्ता साफ होने के पीछे वजह का खुलासा भी किया गया है। दरअसल, कमल हासन की फिल्म 'इंडियन 2' को पैन इंडिया फिल्म के रूप में बनाया जा रहा है। इसे पूरे देश में 'केजीएफ', 'आरआरआर' और 'पुष्पा' की तरह बड़े लेवल पर रिलीज किया जाएगा। हालांकि अभी दीपिका या मेकर्स की तरफ से अभिनेत्री के इस प्रोजेक्ट से जुड़ने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इन फिल्मों में काम कर रही है दीपिका
कमल हासन के अलावा फिल्म में रकुल प्रीत सिंह और प्रिया भवानी मुख्य किरदारों में नजर आने वाली हैं। वहीं अगर दीपिका के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह इस समय शाहरुख और जॉन के साथ फिल्म 'पठान' और प्रभास के साथ फिल्म 'प्रॉजेक्ट के' में व्यस्त हैं। अब देखना यह होगा कि अभिनेत्री कमल हासन के साथ काम करती दिखाई देंगी या नहीं।