Met Gala 2025: मेट गाला के रेड कारपेट पर सबसे ज्यादा चमकीं प्रियंका चोपड़ा, ये भारतीय सेलेब्स भी हुए शामिल
What Is Met Gala 2025: मेट गाला को 'फैशन का ऑस्कर' भी कहा जाता है। हर साल मई के पहले सोमवार को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम इस साल न्यूयॉर्क में 5 मई को आयोजित होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
न्यूयॉर्क का मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट हर साल मई के पहले सोमवार को फैशन की दुनिया का सबसे बड़ा उत्सव 'मेट गाला' आयोजित करता है। इस साल यह सोमवार 5 मई 2025 को आयोजित किया जाएगा। भारतीय समयनुसार इसे मंगलवार (6 मई) को सुबह 3:30 बजे देखा जा सकता है। इस साल मेट गाला भारतीय सिनेमा और फैशन के लिए खास होने वाला है क्योंकि बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान से लेकर अभिनेत्री कियारा आडवाणी तक, कई भारतीय सितारे रेड कारपेट पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इस खबर में पढ़िए 'मेट गाला' से जुड़ी हर एक जानकारी...
मेट गाला क्या है?
मेट गाला को 'फैशन का ऑस्कर' भी कहा जाता है, न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट के कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट के लिए फंड जुटाने वाला एक वार्षिक आयोजन है। 1948 में शुरू हुआ यह इवेंट पहले एक साधारण डिनर पार्टी था, लेकिन अब यह फैशन, कला और संस्कृति का सबसे बड़ा मंच बन चुका है। हर साल एक खास थीम के इर्द-गिर्द सितारे अपने डिजाइनर आउटफिट्स में रेड कारपेट पर अनोखे अंदाज में नजर आते हैं। यह आयोजन न केवल फैशन की दुनिया में नए ट्रेंड्स सेट करता है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर भी चर्चा का केंद्र बनता है। पिछले साल इस इवेंट ने म्यूजियम के लिए 26 मिलियन डॉलर से ज्यादा की राशि जुटाई थी।
इस साल मेट गाला की थीम और ड्रेस कोड
इस साल मेट गाला की थीम है 'सुपरफाइन: टेलरिंग ब्लैक स्टाइल्स'। जो ब्लैक फैशन शैली और उनके सांस्कृतिक प्रभाव पर आधारित है। यह थीम मोनिका एल. मिलर की किताब स्लेव्स टू फैशन: ब्लैक डैंडीज्म एंड द स्टाइलिंग ऑफ ब्लैक डायस्पोरिक आइडेंटिटी से ली है। यह थीम 18वीं सदी के यूरोपीय फैशन से लेकर आधुनिक समय तक ब्लैक डैंडीइज्म की यात्रा को दिखाएगी, जिसमें रंगों, सिल्हूट्स और एक्सेसरीज जैसे टोपी, छड़ी, ब्रोच और पॉकेट स्क्वायर की बारीकियों पर जोर होगा। ड्रेस कोड 'टेलर्ड फॉर यू' मेहमानों को ट्रेडिशनल मेल ड्रेस में रचनात्मक बदलाव करने की आजादी देता है।
मेट गाला 2025 में भारतीय सितारे
इस साल मेट गाला में भारतीय सितारों की मौजूदगी ऐतिहासिक होगी। आइए, जानते हैं कौन-कौन शामिल हो रहा है और उनके लुक्स की क्या खासियत होगी...
शाहरुख खान: बॉलीवुड के किंग खान पहली बार मेट गाला में डेब्यू करेंगे और वह पहले भारतीय पुरुष अभिनेता होंगे, जो इस रेड कारपेट पर चलेंगे। शाहरुख मशहूर डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी के डिजाइन किए हुए आउटफिट में नजर आएंगे। न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी एयरपोर्ट पर उनकी तस्वीरें पहले ही वायरल हो चुकी हैं।
कियारा आडवाणी: अभिनेत्री कियारा भी मेट गाला में पहली बार शामिल होंगी और अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान इस रेड कारपेट पर मैटरनिटी फैशन का जलवा बिखेरेंगी। वह डिजाइनर गौरव गुप्ता के स्कल्पचरल आउटफिट में नजर आएंगी, जो थीम के साथ उनकी खूबसूरती को और निखारेगा। कियारा ने न्यूयॉर्क में अपने होटल से एक छोटे से ब्लैक आउटफिट के केक की तस्वीर शेयर कर अपने लुक का हिंट दिया है।
प्रियंका चोपड़ा: मेट गाला की मेहमान प्रियंका इस बार अपनी पांचवीं उपस्थिति दर्ज कराएंगी, वह मेट गाला में सबसे ज्यादा शामिल होने वाली भारतीय कलाकार हैं। इस बार वह फ्रेंच फैशन हाउस बालमैन के डिजाइनर ओलिवियर रूस्टिंग के साथ रेड कारपेट पर चलेंगी और बुल्गारी के हाई-जूलरी कलेक्शन से सजी होंगी।
दिलजीत दोसांझ: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ भी मेट गाला में पहली बार हिस्सा लेंगे। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'फर्स्ट टाइम' लिखकर और मेट गाला का बैग दिखाकर अपने डेब्यू की पुष्टि की। दिलजीत के फैशन सेंस को देखते हुए, फैंस को उनके पंजाबी स्टाइल और ग्लोबल फैशन के फ्यूजन की उम्मीद है।
2017 से अब तक मेट गाला में शामिल हुए कई सितारे
प्रियंका चोपड़ा
2017: प्रियंका ने राल्फ लॉरेन के ट्रेंच कोट ड्रेस में डेब्यू किया, जिसमें लंबी ट्रेल थी। उनके साथ निक जोनस भी थे और यह उनकी लव स्टोरी की शुरुआत थी।
2018: थीम 'हैवनली बॉडीज' के लिए उन्होंने राल्फ लॉरेन की मरून वेलवेट गाउन और गोल्ड बीज्ड हुड पहना था।
2019: 'कैंप: नोट्स ऑन फैशन' थीम में प्रियंका ने डायर की सिल्वर गाउन और सिल्वर-फ्रॉस्टेड मेकअप के साथ सबको चौंकाया था।
2023: वालेंटिनो की ब्लैक गाउन और बुल्गारी जूलरी में प्रियंका थीम 'कार्ल लेगरफेल्ड: ए लाइन ऑफ ब्यूटी' में छा गई थीं।
दीपिका पादुकोण
2017: दीपिका ने प्रबल गुरुंग की सिल्क स्लिप ड्रेस पहनी थी।
2018: 'हीवेनली बॉडीज' थीम में दीपिका ने प्रबल गुरुंग की रेड गाउन में स्टनिंग लुक दिया।
2019: 'कैंप' थीम में दीपिका ने जैक पॉसन की बार्बी-इंस्पायर्ड पिंक गाउन में सबका ध्यान खींचा था।
ईशा अंबानी
2017: ईशा ने क्रिश्चियन डायर की गाउन में डेब्यू किया।
2024: थीम 'द गार्डन ऑफ टाइम' में उन्होंने प्रबल गुरुंग की साड़ी-गाउन में भारत के ट्रेडिशन को ग्लोबल स्टेज पर पेश किया।
नताशा पूनावाला
2018: नताशा ने प्रबल गुरुंग की इलस्ट्रेटिव गाउन में डेब्यू किया।
2022: उन्होंने सब्यसाची की साड़ी और शियापरेली बस्टियर का फ्यूजन पहना।
आलिया भट्ट
2023: आलिया ने कार्ल लेजरफेल्ड की थीम में पर्ल-एम्बेलिश्ड व्हाइट गाउन में डेब्यू किया।
2024: 'द गार्डन ऑफ टाइम' थीम में उन्होंने सब्यसाची की साड़ी में भारतीय शिल्पकला को ग्लोबल मंच पर दिखाया।
अन्य हस्तियां: फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी, बिजनेसवुमन सुधा रेड्डी, दीया मेहता जटिया और फ्रीडा पिंटो भी मेट गाला में हिस्सा ले चुके हैं।
मेट गाला में सबसे पहले शामिल हुईं प्रियंका
मेट गाला में भारतीय सितारों की बढ़ती हिस्सेदारी भारत के ग्लोबल सॉफ्ट पावर को दिखाता है। प्रियंका चोपड़ा ने 2017 में इसकी शुरुआत की और तब से भारतीय डिजाइनरों जैसे सब्यसाची, प्रबल गुरुंग, राहुल मिश्रा और गौरव गुप्ता ने वैश्विक मंच पर अपनी छाप छोड़ी है। इस साल शाहरुख खान और दिलजीत दोसांझ जैसे एक्टर्स की एंट्री 'इंडियन मेन फैशन' को भी ग्लोबल स्पॉटलाइट में लाएगी।
कियारा आडवाणी का मेटरनिटी लुक एक फैशन स्टेटमेंट होगा। वहीं, प्रियंका का लगातार पांचवीं बार शामिल होना उनकी ग्लोबल स्टारडम और फैशन सेंस को पेश करेगा।