‘रामायण’ के ट्रेलर पर रामानंद सागर के पोते का रिएक्शन, यश के रावण बनने से इंप्रेस; लेकिन रणबीर पर कही ये बात
Ramayana Movie: रणबीर कपूर की मच अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने भी अपना बयान दिया है। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रामानंद सागर की ‘रामायण’ ने टीवी की दुनिया में एक अलग ही मुकाम बनाया था। आज भी जब भी ‘रामायण’ पर कोई नई फिल्म या सीरीज बनती है, तो उसकी तुलना इस आइकॉनिक शो से जरूर की जाती है।
अब नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद यह फिल्म चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर लोग अपने-अपने रिएक्शन दे रहे हैं। इसी बीच रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने भी ट्रेलर की तारीफ की है और उम्मीद जताई है कि दर्शक रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में अपनाएंगे।
शिव सागर को पसंद आया ‘रामायण’ का ट्रेलर
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में शिव सागर ने ट्रेलर पर अपनी राय रखते हुए कहा, ‘सच कहूं तो मुझे ट्रेलर काफी पसंद आया। पहले जो प्रमोशनल वीडियो आया था, उसमें मुझे लगा था कि ग्राफिक्स फिल्म के बड़े बजट के हिसाब से नहीं हैं।
लेकिन ट्रेलर देखने के बाद और पूरी स्टारकास्ट को देखकर मैं प्रभावित हुआ हूं। यश रावण के किरदार में शानदार लग रहे हैं। साई पल्लवी भी सीता के रोल में बिल्कुल फिट बैठती हैं, खासकर उनके बोलने और खुद को पेश करने का तरीका बहुत अच्छा लगा। कुल मिलाकर फिल्म काफी भव्य लग रही है।’
शिव सागर का मानना है कि यह फिल्म इंटरनेशनल दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। उन्होंने कहा कि अगर यह फिल्म दुनिया भर में भारतीय पौराणिक कथाओं, संस्कृति और फैंटेसी को पहुंचाने में सफल होती है, तो यह भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
रणबीर को लेकर कही ये बात
उन्होंने आगे कहा, ‘पुष्पक विमान को जिस तरह से दिखाया गया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। मुझे शूर्पणखा (रकुल प्रीत सिंह) की एंट्री भी बहुत पसंद आई, जिसमें वह बाघ की सवारी करती नजर आती हैं।
बस मेरी यही उम्मीद है कि रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में दर्शक स्वीकार करें। ‘एनिमल’ (2023) के बाद लोगों के मन में उनकी एक अलग छवि बन गई होगी। लेकिन इतनी बड़ी स्टारकास्ट और भव्य विजुअल्स के साथ यह फिल्म दर्शकों को पसंद आ सकती है।’
रामानंद सागर की ‘रामायण’ भारतीय टेलीविजन के सबसे मशहूर शोज में से एक रही है। यह शो साल 1987 में शुरू हुआ था, जिसमें अरुण गोविल ने भगवान राम, दीपिका चिखलिया ने सीता और सुनील लहरी ने लक्ष्मण का किरदार निभाया था।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' दो भाग में रिलीज होगी। इसके पहले भाग का ट्रेलर बीते 24 जुलाई को रिलीज होने वाला था पर इसे टाल दिया गया। फिल्म इसी साल दिवाली के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, सनी देओल, रवि दुबे और यश मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ये भी पढ़ेंं- Ramayana: पाकिस्तान में भी ‘रामायण’ का क्रेज, ट्रेलर पर आए यूजर्स के रिएक्शन; बोले- 'VFX बहुत महंगा लग रहा है'