Waheeda Rehman: क्यों 'मुझे जीने दो' के सेट पर वहीदा रहमान पर चिल्लाए थे सुनील दत्त; जानिए क्या थी वजह?
Waheeda Rehman shared An Old Anecdote: फिल्मों के सेट पर कलाकारों के साथ कई बार ऐसी घटनाएं होती हैं, जो जिंदगी भर याद रहती हैं। वहीदा रहमान ने भी एक चर्चित शो में सुनील दत्त से जुड़ा किस्सा सुनाया था। उन्होंने बताया था कि अचानक वह वहीदा और बाकी लोगों पर चिल्ला पड़े थे। आखिर क्या था उनके इस व्यवहार का कारण? यहां जानिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वहीदा रहमान ने सुनील दत्त के साथ कई फिल्मों में अभिनय किया था। वह उनके सौम्य व्यवहार की कायल थीं। एक बार ‘मुझे जीने दो’ के सेट पर सुनील दत्त वहीदा रहमान पर चिल्ला पड़े थे। आखिर उन्होंने ऐसा क्यों किया था?
अपने रोल में डूब जाते थे सुनील दत्त
टॉक शो ‘जीना इसी का नाम है’ में वहीदा ने यह किस्सा कभी सुनाया था। वह कहती हैं, ‘मैंने सुनील दत्त के साथ 'मुझे जीने दो' और 'रेशमा और शेरा' नाम की फिल्मों में अभिनय किया, यह दोनों ही उनके प्रोडक्शन की फिल्में थीं। मैंने उनके बैनर के बाहर भी दो-तीन फिल्में साथ की थीं। वे अपनी फिल्मों के लिए हमेशा बहुत दिलचस्प और रोमांचक लोकेशन चुनते थे। 'मुझे जीने दो' के लिए हम चंबल घाटी में टेंट में रहे थे। वे ठाकुर जरनैल सिंह का किरदार निभा रहे थे और असल जिंदगी में भी उसी किरदार में रहते थे। वे कभी मुस्कुराते या हंसते नहीं थे और हमेशा अपने रोल में पूरी तरह डूबे रहते थे।’
वहीदा रहमान आगे कहती हैं, ‘कुछ दिनों बाद नरगिस दत्त बेटे संजू के साथ लोकेशन पर आईं। तब संजू करीब दो से ढाई साल का था। उनके आते ही मैंने उनसे शिकायत की। मैंने कहा कि नरगिस, प्लीज अपने पति को समझाओ। वे असल जिंदगी में भी डकैत जैसा बर्ताव क्यों कर रहे हैं? वे हमसे पूछते रहते हैं कि कहां जा रही हो? क्यों आ रही हो?’
सेट पर जब हुआ गड़बड़ का अंदेशा
वहीदा रहमान ने बताया कि एक दिन निरूपा रॉय, नरगिस और वह चंबल के एक घाट पर बैठकर खाना खा रहे थे। इस दौरान सुनील दत्त दूर से चिल्लाए। वहीदा कहती हैं, ‘अचानक सुनील दत्त आए और चिल्लाए कि मिसेज दत्त, उठिए, वहीदा जी सब वहां से उठिए। नरगिस ने उनसे पूछा था कि क्या हुआ? तो उन्होंने जवाब दिया कि तुम बहुत सवाल पूछती हो। बस उठ जाओ। फिर हम वहां से चले गए। हमने एक-दूसरे की ओर देखा और सोचा कि क्या हुआ?’
वहीदा आगे कहती हैं, ‘कुछ देर बाद सुनील दत्त बीएसएफ कमांडर के साथ वापस आए। उनके चेहरे देखकर हमें लगा कि कुछ गड़बड़ है। वह बोले कि देवियों जल्दी उठिए। जीप में बैठ जाइए। एक जीप हमारे आगे थी और दूसरी पीछे। हम बीच में बैठे थे और हमारे चारों तरफ हथियारबंद गार्ड थे। शायद किसी तरह की अनहोनी का अंदेशा दत्त साहब को हो गया था।’
इन फिल्मों में सुनील दत्त और वहीदा रहमान साथ दिखे थे
वहीदा रहमान और सुनील दत्त ने कई फ़िल्मों में साथ काम किया है, जिसमें ‘एक फूल चार कांटे’, ‘मुझे जीने दो’, ‘मेरी भाभी’, ‘दर्पण’, ‘रेश्मा और शेरा’ और ‘जिंदगी जिंदगी’ शामिल हैं। इस जाेड़ी को बड़े पर्दे पर दर्शकों ने भी खूब पसंद किया।
बता दें कि सुनील दत्त का निधन दिल का दौरा पड़ने से 25 मई, 2005 को हुआ था। उनके अभिनय की विरासत को बेटे संजय दत्त ने आगे बढ़ाया है।