एक्टर्स के स्टाफ पर छिड़ी बहस पर तापसी ने कही ये बात, ऐसे कलाकारों को काम देने पर निर्माताओं पर जताई नाराजगी
Taapsee Pannu On Actor’s Entourage: इंडस्ट्री में स्टार्स के सपोर्टिंग स्टाफ को लेकर चल रही बहस पर अब तापसी पन्नू ने भी अपनी राय दी है। जानिए अभिनेत्री ने क्या कुछ कहा और क्यों निर्माताओं पर जताई नाराजगी…
विस्तार
बॉलीवुड में इन दिनों एक्टर्स के सपोर्टिंग स्टाफ के बढ़ते खर्च को लेकर एक बहस छिड़ी हुई है। अब इस मामले पर अभिनेत्री तापसी पन्नू ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक्ट्रेस ने कहा कि यह धारणा कि हर स्टार एक बड़े दल के साथ यात्रा करता है, यह हमेशा सही नहीं होती। उन्होंने शाहरुख खान, अक्षय कुमार और अमिताभ बच्चन समेत इंडस्ट्री के कुछ बड़े नामों के साथ काम करने के अपने अनुभव का हवाला देते हुए इस मुद्दे पर बात की।
हर स्टार नहीं रखता अपने साथ बड़ा स्टाफ
बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए तापसी ने बताया कि हाल ही में इस विषय पर इंडस्ट्री में तीखी बहस छिड़ी थी। उन्होंने कहा कि मैं इंटरव्यू देख रही थी और कुछ प्रोड्यूसर इस बात की शिकायत कर रहे थे कि सितारों पर कितना खर्चा होता है और उनके साथ कितना बड़ा सपोर्टिंग स्टाफ चलता है।
इस पर काफी गरमागरम बहस हुई। उन्होंने कहा कि सितारों के पीछे 4-5 लोग हर जगह जाते हैं। लेकिन असल में हर अभिनेता अपने साथ बड़ा दल नहीं रखता। मैंने इंडस्ट्री के कुछ बड़े स्टार्स शाहरुख खान, अक्षय कुमार और अमिताभ बच्चन के साथ काम किया है, लेकिन जब मैं शाहरुख खान के साथ काम कर रही थी, तो उनके आसपास इतने लोग नहीं होते थे। यह एक मिथक है कि सभी अभिनेताओं के साथ बड़ा दल होता है।
प्रोड्यूसर्स ऐसे ही अभिनेताओं को काम देते हैं
तापसी ने उन निर्माताओं पर भी सवाल उठाया जो अभिनेताओं की इसी मुद्दे पर आलोचना करते हैं, लेकिन फिर भी उन्हें काम देते रहते हैं। उन्होंने कहा कि हां, कुछ अभिनेताओं के साथ बड़ा दल होता है।
लेकिन मेरा सवाल यह है कि जो लोग ये इंटरव्यू दे रहे हैं और जिन निर्माताओं को इससे आपत्ति है, वे ही असल में इन सितारों और अभिनेताओं को काम दे रहे हैं जिनके साथ इतना बड़ा दल होता है।
इस आर्थिक स्थिति में इतनी मांग करने वाले अभिनेताओं को गलत कहा जाता है, लेकिन फिर ये निर्माता ही उन्हें यही सब दे रहे हैं। या तो इसे बदलें या इसके बारे में शिकायत न करें। बाहर से देखकर मैं क्या मानूं, उनके इंटरव्यू में कही गई बातों पर या उनके वास्तविक जीवन में किए गए कामों पर?
इंडस्ट्री में छिड़ी है बहस
हाल के महीनों में फिल्म निर्माताओं और इंडस्ट्री के कई लोगों ने स्टार्स के साथ आने वाले लोगों के खर्च पर सवाल उठाया। इसके बाद इंडस्ट्री में एक बहस छिड़ गई, क्योंकि इससे बजट पर असर पड़ता है।
वरुण धवन, कृति सैनन, जॉन अब्राहम और जैकी श्रॉफ सहित कई अभिनेताओं ने भी इस मुद्दे पर बात की है। हालांकि, कई लोगों ने इस बात पर सहमति जताई कि बहुत बड़े दल की जरूरत नहीं होती। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ अभिनेता पेशेवर और व्यक्तिगत सहयोग के लिए अपने आसपास एक बड़ी टीम रखना पसंद करते हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो तापसी पन्नू हाल ही में अनुभव सिन्हा की फिल्म ‘अस्सी’ में नजर आई थीं। यह फिल्म भारत में होने वाली दुष्कर्म की घटनाओं पर आधारित है। अब तापसी की आगामी फिल्म में ‘गांधारी’ शामिल है, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
कमेंट
कमेंट X