‘बॉर्डर 2’ को लेकर कन्फ्यूज थे वरुण धवन, क्यों भूषण कुमार बोले- ‘समय मत खराब करो’? सलमान ने दी थी ये सलाह
Varun Dhawan On Border 2: वरुण धवन ने याद किया कि जब वो ‘बॉर्डर 2’ को साइन करने से हिचक रहे थे। जानिए फिर कैसे भूषण कुमार ने पूछा उनसे सवाल और सलमान खान ने दी क्या सलाह…
विस्तार
अभिनेता वरुण धवन इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं। बॉक्स ऑफिस पर हिट रही ‘बॉर्डर 2’ के सफल होने पर मुंबई में आज एक प्रेस मीट हुई। इसमें फिल्म की कास्ट नजर आई। इस दौरान वरुण धवन ने फिल्म में खुद के शामिल होने के उस पल के बारे में बात की, जब उन्हें फिल्म ऑफर हुई थी और वो इसे लेकर कन्फ्यूजन में थे। साथ ही उन्होंने बताया कि जब उन्हें ट्रोल किया जा रहा था, तब सलमान खान ने फोन पर दी थी क्या सलाह?
फिल्म ऑफर होने पर हैरान थे वरुण
फिल्म में वरुण धवन ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के असल हीरो मेजर होशियार सिंह दहिया का किरदार निभाया है। वो 3 ग्रेनेडियर्स के सदस्य थे और 1971 के युद्ध के दौरान असाधारण वीरता के लिए उन्हें भारत के सर्वोच्च वीरता पुरस्कार परम वीर चक्र से सम्मानित किया गया है। अपनी भूमिका की जिम्मेदारी के बारे में बात करते हुए वरुण धवन ने कहा, ‘यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी। जिस तरह की कहानी वे बताना चाहते थे, मुझे उसे करने का मौका मिला। जब मैंने पहली बार इस भूमिका के बारे में सुना, मुझे याद है जब अनुराग और मैं मिले थे, हर कोई भावुक हो गया था और सबकी आंखों में आंसू थे। फिल्म ऑफर होने पर मैंने अनुराग से पूछा क्या मैं यह भूमिका कर सकता हूं? मैं हैरान था क्योंकि यह इतनी अच्छी भूमिका थी।
भूषण कुमार ने वरुण से कहा मुझे परेशान मत करो
फिल्म को लेकर अपनी शुरुआती झिझक के बारे में वरुण धवन ने कहा कि कई कारणों से 2025-2026 में एक साथ कई कलाकारों वाली फिल्म बनाना मुश्किल हो गया है। इसीलिए मैंने भूषण सर से बात की। लेकिन उन्होंने मुझसे साफ पूछा, 'हां या ना? समय बर्बाद मत करो।' और मैंने कहा, 'सर, अंदर की आवाज कह रही है हां, फिल्म बन गई है।' तो उन्होंने कहा, 'हां, मुझे ज्यादा परेशान मत करना। यह मेरे जीवन की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।' उनका मुझ पर इतना भरोसा करना कि मैं यह कर पाऊंगा, यह बहुत बड़ी बात थी। यह एक कठिन चुनौती थी। यह मुश्किल था। लेकिन आसान चीजें कौन देखना चाहता है? तो या तो मैं असफल होने वाला था या मैं युद्ध जीतने वाला था। मुझे खुशी है कि भारत जीता और मैं भी जीता।
ट्रोलिंग के समय सलमान ने किया था सपोर्ट
इस दौरान वरुण धवन ने ये भी बताया कि जब उन्हें फिल्म रिलीज से पहले ट्रोल किया जा रहा था, तब सलमान खान ने उनका सपोर्ट किया था। वरुण ने कहा, ‘जब ये सब चल रहा था, तब रात में सलमान भाई का फोन आया। वो हंस रहे थे और उन्होंने कहा, ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’। उनकी सलाह और विश्वास मेरे लिए बहुत मायने रखता था। फिल्म सफल होने के बाद उन्होंने फिर मुझे फोन किया और कहा कि मैं तुम सबके लिए खुश हूं।’
यह खबर भी पढ़ेंः वो फिल्म जिसने राजपाल यादव को पहुंचा दिया जेल, क्या है ‘अता पता लापता’ की कहानी? बॉक्स ऑफिस पर ऐसी हुई थी हालत
बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई ‘बॉर्डर 2’
23 जनवरी को रिलीज हुई ‘बॉर्डर 2’ 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। यह फिल्म सेना, नौसेना और वायु सेना के संयुक्त प्रयासों को दर्शाती है। अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित इस फिल्म में वरुण धवन के अलावा सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। इसके अलावा फिल्म में सोनम बाजवा, मोना सिंह, आन्या सिंह और मेधा राणा भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई है।