‘कलंक’ के फ्लॉप होने से निराश हो गए थे वरुण, डेविड धवन ने करण जौहर को लेकर कही ये बात
Varun Dhawan On Kalank Failure: वरुण धवन ने अपनी पहली फ्लॉप फिल्म ‘कलंक’ को लेकर बात की। जानिए फिल्म को लेकर डेविड धवन ने करण जौहर पर क्या कुछ कहा…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वरुण धवन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर चर्चाओं में हैं। इस फिल्म का निर्देशन उनके पिता व डेविड धवन ने किया है। इस फिल्म के बाद डेविड धवन फिल्ममेकिंग से रिटायरमेंट ले रहे हैं। ऐसे में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के बाद डेविड धवन के सफर को ट्रिब्यूट देते हुए एक इवेंट किया गया। इसमें तमाम सेलेब्स पहुंचे। इस दौरान वरुण धवन और उनके पिता डेविड धवन ने बात भी की और मीडिया के सवालों के भी जवाब दिए। इसी दौरान पिता-पुत्र ने वरुण धवन की फ्लॉप फिल्म ‘कलंक’ को लेकर भी बात की। वरुण ने बताया कि ‘कलंक’ की असफलता के बाद वह पूरी तरह से टूट गए थे। वहीं डेविड धवन ने भी 'कलंक' के फ्लॉप होने पर करण जौहर को लेकर अपनी राय रखी।
‘कलंक’ बनाने के लिए करण ने बेंच दी होगी आखिरी कमीज
इवेंट के दौरान वरुण धवन ने 'कलंक' को अपने करियर की पहली फ्लॉप फिल्म बताया। उन्होंने कहा कि जब मेरी पहली फिल्म फ्लॉप हुई, जो कुछ हिट फिल्मों के बाद आई थी, तो मुझे बहुत गहरा सदमा लगा। मैं सोचने लगा था कि ये कैसे हो गया, क्यों हो गया? क्योंकि मेरी लगातार कई हिट फिल्में आ रही थीं। मेरे पिता हमेशा कहते थे कि ये करियर का नियम है।
इसी दौरान डेविड धवन ने फिल्म को लेकर बात करते हुए कहा कि इस महंगी फिल्म ने निर्माता करण जौहर की जेबें खाली कर दी होंगी। उन्होंने कहा कि उनकी एक फिल्म फ्लॉप हुई और इसने मुझे बहुत निराश किया। वो बहुत बड़ी फिल्म थी। करण जौहर ने उस फिल्म को बनाने के लिए अपनी आखिरी कमीज भी बेच दी होगी। वो फिल्म थी 'कलंक'।
डेविड धवन ने बताया कि फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले संजय दत्त भी इसके प्रदर्शन से नाखुश थे। उन्होंने संजय दत्त को चिढ़ाते हुए कहा कि मैंने संजय दत्त से पूछा, ‘तूने ये फिल्म क्यों की? माधुरी दीक्षित थीं इसलिए?’
बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई थी ‘कलंक’
करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन की बड़े बजट की फिल्म ‘कलंक’ साल 2019 में रिलीज हुई थी। फिल्म में वरुण धवन समेत एक बड़ी स्टारकास्ट नजर आई थी, जिसमें संजय दत्त, माधुरी दीक्षित, आलिया भट्ट, आदित्य रॉय कपूर और सोनाक्षी सिन्हा जैसे कलाकार शामिल हैं।
फिल्म से करण जौहर को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुई थी। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘कलंक’ का बजट लगभग 150 करोड़ रुपए था, लेकिन फिल्म इसके आसपास भी नहीं पहुंच पाई थी।
‘है जवानी तो इश्क होना है’ की बात करें तो डेविड धवन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े भी प्रमुख भूमिका में हैं। इसके अलावा फिल्म में मौनी रॉय, मनीष पॉल, चंकी पांडे, जिमी शेरगिल और राकेश बेगी भी अहम किरदारों में नजर आए हैं। यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।