विपुल अमृतलाल शाह की 16 साल पुराने चेक बाउंस मामले में जीत, सलमान की 'लंदन ड्रीम्स' के प्रोड्यूसर्स दोषी करार
Vipul Amrutlal Shah: निर्माता विपुल अमृतलाल शाह को अब से 16 साल पुराने मामले में जीत हासिल हुई है। जबकि लंदन ड्रीम्स फिल्म के प्रोड्यूसर्स को कोर्ट ने दोषी माना है। जानिए क्या है पूरा मामला…
विस्तार
‘द केरल स्टोरी’ के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह को 16 साल पुराने चेक बाउंस मामले में जीत हासिल हुई है। साल 2009 में, विपुल अमृतलाल शाह ने अपनी कंपनी 'सनशाइन पिक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड' के जरिए ‘लंदन ड्रीम्स’ के प्रोड्यूसर्स को उनकी फिल्म पूरी करने के लिए एक लोन दिया था। प्रोड्यूसर्स द्वारा जारी किया गया रीपेमेंट चेक उस वक्त बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया था। अब 16 साल चली कानूनी प्रक्रिया के बाद विपुल शाह को जीत मिली है और आरोपी प्रोड्यूसर्स को सजा सुनाई गई है।
कोर्ट ने आरोपियों को सुनाई सजा
अंधेरी के मेट्रोपॉलिटन कोर्ट ने 15 अप्रैल को दिए अपने आदेश में प्रोड्यूसर्स पीजे सिंह और उनकी पत्नी गीता भल्ला सिंह को दोषी ठहराते हुए 'नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट 1881' के तहत सजा सुनाई है। प्रोड्यूसर्स को 90 दिनों के भीतर भुगतान करने का आदेश दिया गया है, वर्ना उन्हें 9 महीने की कैद का सामना करना होगा।
हाल ही में रिलीज हुई थी विपुल शाह की ‘द केरल स्टोरी 2’
विपुल अमृतलाल शाह की पिछली फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ थी। जिसको लेकर काफी विवाद भी उठा था। हालांकि, तमाम विवादों के बावजूद फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे वो सफलता नहीं मिली, जो ‘द केरल स्टोरी’ को मिली थी। फिल्म को क्रिटिक्स से भी कोई खास प्रतिक्रिया हासिल नहीं हुई थी।
‘लंदन ड्रीम्स’ साल 2009 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह एक म्यूजिकल लव स्टोरी थी। फिल्म में सलमान खान और अजय देवगन प्रमुख भूमिका में नजर आए थे। उनके साथ असिन ने भी प्रमुख भूमिका निभाई थी। बड़े स्टार्स होने के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पाई थी और औंधे मुंह गिरी थी।
