Oscars 2025: दिल्ली में शूट हुई 'अनुजा' ऑस्कर में, 9 साल की सजदा पठान ने निभाया लीड रोल; जानें क्या है कहानी
हाल ही में ऑस्कर नॉमिनेशन की लिस्ट जारी की गई है, इसमें गुनीत मोंगा प्रोड्यूस फिल्म ‘अनुजा’ ने बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म कैटेगिरी में अपने लिए जगह बना ली है। बाद में प्रियंका चोपड़ा इस फिल्म से बतौर एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर जुड़ गईं।आखिर क्या खास है इस शॉर्ट फिल्म में? क्या कहती है इसकी कहानी? इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली बाल कलाकार कौन? जानिए, फिल्म ‘अनुजा’ के बारे में।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुनीत मोंगा प्रोड्यूस शॉर्ट फिल्म ‘अनुजा’ की टक्कर कई देशों की शॉर्ट फिल्मों से थी। लेकिन आखिकार ऑस्कर अवॉर्ड (97वें एकेडमी अवॉर्ड्स) के नॉमिनेशन में यह फिल्म पांच बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्मों में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही है। इसका कारण इसकी कहानी का खास और अलग होना रहा। साथ ही इस फिल्म में जिस लड़की सजदा पठान ने अनुजा की भूमिका निभाई है, उसकी कहानी भी इंस्पायर करने वाली है। जानिए, फिल्म ‘अनुजा’ की कहानी के बारे में? और इस कहानी को कहने का असल मकसद क्या है?
बाल मजदूरी पर बात करती है फिल्म
फिल्म ‘अनुजा’ की कहानी, एक 9 साल की लड़की अनुजा (सजदा पठान) की है। वह दिल्ली में एक कपड़े की फैक्ट्री में काम करती है। वह एक बाल मजदूर है। अनुजा को अचानक स्कूल जाने का मौका मिला है, लेकिन इसके बदले में उसे अपनी जिंदगी से जुड़ा एक अहम फैसला लेना पड़ता है। इस फैसले का असर अनुजा और उसकी बहन के भविष्य से जुड़ा है। इस शॉर्ट फिल्म को दिल्ली में शूट किया गया है।
बहनों के रिश्ते को भी करती है बयां
फिल्म सिर्फ बाल मजदूरी, गरीब लोगों के पढ़ाई करने के संघर्ष पर ही बात नहीं करती है। यह फिल्म दो बहनों के रिश्ते, उनके प्यार को भी दिखाती है। कैसे अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने का एक फैसला, उनके रिश्ते को परखता है, यह एंगल भी शॉर्ट फिल्म में दिखाया गया है। साथ ही लड़कियों को कैसे हमारे देश में आज भी संघर्ष करना पड़ रहा है, यह बात भी ‘शॉर्ट फिल्म ‘अनुजा’ बताती है।
सजदा खान की इंस्पायरिंग स्टोरी
फिल्म 'अनुजा' में सजदा पठान ने बाल मजदूरी करने वाली लड़की का रोल किया है। यह बच्ची असल जिंदगी में अनाथ है। सलाम बालक ट्रस्ट में रहने वाली इस लड़की को फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के लिए चुना गया। सजदा पहले भी एक फिल्म 'ब्रेड' में काम कर चुकी है।
भारतीय फिल्म नहीं है ‘अनुजा’
‘अनुजा’ 2024 में रिलीज हुई अमेरिकी शॉर्ट फिल्म है, यह हिंदी भाषा में बनाई गई है। एडम जे. ग्रेव्स ने इसे लिखा और निर्देशित किया है। गुनीत मोंगा, प्रियंका चोपड़ा शॉर्ट फिल्म ‘अनुजा’ से बतौर प्रोड्यूसर जुड़ी हुई हैं, हॉलीवुड एक्ट्रेस मिंडी कलिंग भी बतौर प्रोड्यूसर बाद में इस फिल्म से जुड़ गई थीं। शॉर्ट फिल्म में सजदा पठान, अनन्या शानबाग और नागेश भोंसले ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। इस फिल्म से सलाम बालक ट्रस्ट भी जुड़ा है। फिल्म की प्रोड्यूस गुनीत मोंगा ऑस्कर नॉमिनेशन में 'अनुजा' के फाइनल होने से काफी खुश हैं। वह मानती हैं कि यह फिल्म अपना मैसेज दुनिया भर में फैलाने में कामयाब हुई है। फिल्म 'अनुजा' ने कई फिल्म फेस्टिवल्स में भी अवॉर्ड जीते हैं। हॉलीशॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में ‘अनुजा’ ने बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड जीता। वहीं न्यूयॉक शॉर्ट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी यह ग्रैंड प्राइज जीतने में कामयाब रही। माेंटक्लेयर फिल्म फेस्टिलवल में भी ‘अनुजा’ ने ऑडियंस अवॉर्ड अपने नाम किया।