Kailash Kher: कैलाश के 'भारतीय सेना' को 24 घंटे में मिले इतने व्यूज, गाने में अमित शाह-राजनाथ सिंह की भी आवाज
Kailash Kher Anthem Bhartiya Sena: गायक कैलाश खेर का हाल ही में एक गाना रिलीज हुआ जो कि भारतीय सेना को समर्पित है। इस गाने में सेना की वीरता, शौर्य और पराक्रम को दिखाया गया है।
विस्तार
राजनाथ सिंह-अमित शाह की आवाज पहली बार
कैलाश खेर के इस नए एंथम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पहली बार रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह की आवाज सुनाई देगी। इस गीत को कैलाश खेर ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लॉन्च किया, जिसका शुभारंभ खुद रक्षामंत्री ने किया।
24 घंटे में गाने को मिले इतने व्यूज
कैलाश खेर के इस गाने को 24 घंटे में यूट्यूब पर करीब 30,000 व्यूज मिले हैं। फैंस को उनका ये गाना पसंद आ रहा है। कई लोगों ने इसे भारतीय सेना को सच्ची श्रद्धांजलि बताया, तो वहीं संगीत प्रेमियों ने कैलाश खेर की आवाज की सराहना की। कैलाश खेर ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें इस एंथम का विचार उस समय आया जब वह फरवरी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिले थे। बातचीत के दौरान राजनाथ सिंह ने उनसे भारतीय सेनाओं पर एक गीत रचने का आग्रह किया। इसी प्रेरणा ने खेर को तीनों सेनाओं की वीरता और गौरव को जोड़ते हुए यह गीत बनाने के लिए प्रेरित किया।
पहले भी गा चुके देशभक्ति गीत
यह पहली बार नहीं है जब कैलाश खेर ने सेनाओं के लिए गीत रचा हो। इससे पहले भी उन्होंने ‘भारत के वीर’ नामक गीत तैयार किया था, जिसे उस समय के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लॉन्च किया था। लेकिन इस बार का एंथम विशेष है क्योंकि इसमें सिर्फ बलिदान या कुर्बानी की बातें नहीं हैं, बल्कि यह गीत हमारी सेनाओं की बहादुरी, गौरव और अदम्य साहस का जीवंत चित्रण करता है।