‘कैलेंडर’, ‘पप्पू पेजर’ और ‘मुत्थु स्वामी’ जैसे यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता, निर्देशक और लेखक सतीश कौशिक की आज 69वीं जयंती है। 13 अप्रैल 1956 को जन्मे सतीश कौशिक एक शानदार अभिनेता थे। उन्होंने अपनी फिल्मोग्राफी में कई यादगार किरदार निभाए हैं। वो अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते थे। सतीश कौशिक ने अपने करियर में 80 से भी अधिक फिल्मों में काम किया। इस दौरान उन्होंने कॉमेडी से लेकर कई गंभीर किरदार तक निभाए। हालांकि, उन्हें पहचान अपने कॉमेडी किरदारों से ही मिली। उन्होंने ‘मिस्टर इंडिया’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’ और ‘राम लखन’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में यादगार किरदार निभाए। गोविंदा और डेविड धवन के साथ सतीश कौशिक की जोड़ी काफी हिट रही। सबको हंसाने वाले सतीश कौशिक 9 मार्च 2023 को अचानक इस दुनिया से अलविदा कहकर सबको रुलाकर चले गए।
Satish Kaushik: 90’s की सबसे महंगी फिल्म फेल हुई तो मरना चाहते थे सतीश कौशिक, सलमान को दी ‘तेरे नाम’ जैसी हिट
Satish Kaushik Birthday: सतीश कौशिक को हर कोई उनके यादगार कॉमेडी किरदारों के लिए जानता है। लेकिन सतीश कौशिक सिर्फ एक्टर ही नहीं बल्कि एक निर्देशक भी थे। उन्होंने अनिल कपूर से लेकर सलमान खान तक कई एक्टर्स को निर्देशित किया है। उनकी जयंती पर जानते हैं उनकी निर्देशित फिल्मों के किस्से।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सबसे महंगी फिल्म थी ‘रूप की रानी चोरों का राजा’, फ्लॉप होने पर टूट गए थे सतीश कौशिक
‘रूप की रानी चोरों का राजा’ सतीश कौशिक की बतौर निर्देशक पहली फिल्म थी। इस फिल्म की घोषणा साल 1987 में की गई थी। जब इसी साल आई अनिल कपूर-श्रीदेवी की फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट हुई थी। इस फिल्म का निर्माण बोनी कपूर ने किया था। ‘मिस्टर इंडिया’ के सुपरहिट होने के बाद ही बोनी कपूर ने उसी साल अनिल कपूर-श्रीदेवी के साथ अगली फिल्म ‘रूप की रानी चोरों का राजा’ की घोषणा कर दी थी। जिस समय फिल्म की अनाउंसमेंट हुई थी, उस वक्त इस फिल्म को शेखर कपूर डायरेक्ट कर रहे थे।
हालांकि, बाद में शेखर कपूर ने फिल्म को बीच में ही छोड़ दिया, क्योंकि उन्हें फिल्म की कहानी कुछ खास नहीं लगी। शेखर कपूर के बाद फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी सतीश कौशिक ने उठाई। फिल्म टलते-टलते साल 1993 में रिलीज हो पाई। कहा जाता है कि यह उस वक्त की सबसे महंगी फिल्म थी, जिसका बजट तकरीबन 9 करोड़ बताया जाता है। फिल्म जब रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी। कहा तो यहां तक जाता है कि इस फिल्म को बनाने में बोनी कपूर ने काफी खर्चा किया था और उन्हें कुछ प्रॉपर्टी तक बेचनी पड़ी थी। एक इंटरव्यू में शबाना आजमी ने बताया था कि ‘रूप की रानी चोरों का राजा’ के फ्लॉप होने से सतीश कौशिक बुरी तरह टूट गए थे और वो उस वक्त मरना चाहते थे। हालांकि, फिल्म के फ्लॉप होने के कई साल बाद सतीश कौशिक ने इस फिल्म के लिए बोनी कपूर से माफी भी मांगी थी।
‘तेरे नाम’ के लिए सलमान नहीं थे पहली पसंद, सतीश कौशिक नहीं थे निर्देशक
साल 2003 में आई सलमान खान की सुपरहिट फिल्म ‘तेरे नाम’ का निर्देशन भी सतीश कौशिक ने ही किया था। इस फिल्म ने सलमान खान के करियर को एक अलग पहचान दी। लेकिन क्या आपको पता है कि इस फिल्म के लिए सलमान खान पहली पसंद नहीं थे। दरअसल, मेकर्स पहले संजय कपूर को इस फिल्म में लेना चाहते थे। लेकिन संजय कपूर ने मना कर दिया, इसके बाद सलमान को ये फिल्म ऑफर हुई। वहीं ‘तेरे नाम’ का निर्देशन भी पहले सतीश कौशिक नहीं बल्कि अनुराग कश्यप करने वाले थे। मगर अनुराग कश्यप ने सलमान खान के सामने एक डिमांड रख दी, जिसके बाद अनुराग कश्यप को ही फिल्म से हटा दिया गया।
दरअसल, अनुराग कश्यप ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म की कहानी यूपी के मथुरा-आगरा में आधारित थी। इसलिए वो फिल्म के हीरो को फुल यूपी स्टाइल में दिखाना चाहते थे। इसलिए उन्होंने सलमान खान से अपने सीने पर बाल उगाने के लिए कहा। अनुराग ने बताया कि सलमान ने उस वक्त तो उनसे कुछ नहीं कहा, लेकिन सुबह पता चला कि अनुराग कश्यप अब फिल्म के निर्देशक नहीं रहे हैं। इसके बाद इस फिल्म की जिम्मेदारी सतीश कौशिक को मिली।
गुस्से में सलमान ने मुंडवा लिए थे बाल
जिस ‘तेरे नाम’ ने सलमान के करियर को एक उड़ान दी, सलमान पहले उस फिल्म को करने के लिए पूरी तरह से संतुष्ट नहीं थे। क्योंकि उन्हें फिल्म के सेकेंड हाफ में अपने बाल मुंडवाने थे। जिसके लिए सलमान तैयार नहीं हो रहे थे। तेरे नाम के वक्त सलमान एक दूसरी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। एक शो में सलमान बताते हैं कि मैं उस वक्त एक और फिल्म की शूटिंग कर रहा था। एक दिन मुझे तेज बुखार था। तभी उस फिल्म के मेकर्स का फोन आता है कि शूटिंग पर आना है। मैं मेकर्स को बोलता हूं मुझे बुखार है शूटिंग कैंसिल करते हैं। लेकिन वो नहीं माना, उसने कहा कि उसने लोकेशन के 18 हजार रुपए दे दिए हैं, साथ ही फिल्म की अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की डेट्स भी नहीं हैं।
इसके बाद सलमान नाराज हो गए और उन्होंने डायरेक्टर से कहा कि ठीक है सुबह आना। इसके बाद सलमान गुस्से में वॉशरूम गए और ट्रिमर से अपने पूरे बाल ही घोट दिए। इसके बाद जब उस फिल्म के निर्देशक ने सुबह सलमान को देखा, तो वो हैरान रह गया। तभी सलमान ने तुरंत ही तेरे नाम के मेकर्स को फोन किया और कहा कि मैंने बाल गंजे करा दिए हैं, चलो शूटिंग शुरू करते हैं।
यह खबर भी पढ़ें: Homebound: कई ड्राफ्ट और सात साल की मेहनत, ऐसा रहा नीरज घेवन की ‘होमबाउंड’ का कान तक का सफर
‘हमारा दिल आपके पास है’ की कास्टिंग में बड़ी गलती कर गए थे सतीश कौशिक, फिर ऐसे किया सुधार
साल 2000 में आई अनिल कपूर और ऐश्वर्या राय की फिल्म ‘हमारा दिल आपके पास है’ की कास्टिंग में निर्देशक सतीश कौशिक से एक गलती हो गई थी। हालांकि, शूटिंग के कुछ ही दिनों में उन्हें अपनी गलती का एहसास हो गया और उन्होंने कास्टिंग बदल दी। दरअसल, सतीश कौशिक ने फिल्म में ऐश्वर्या की बहन के रोल में पहले मीता वशिष्ठ को कास्ट किया था। लेकिन शूटिंग के दौरान सतीश को ये एहसास हुआ कि मीता ऐश्वर्या पर भारी पड़ रही हैं।
इसके बाद उन्होंने बीच में ही शूटिंग रोक दी और मीता से माफी मांगते हुए इस बारे में बात की, कि आपके आगे ऐश्वर्या फीकी पड़ रही हैं। हमें इस रोल के लिए कोई स्वीट सी दिखने वाली लड़की चाहिए। मीता ने भी सतीश कौशिक की बात से सहमति जताई। जिसके बाद मीता की मदद से ही सतीश ने इस रोल के लिए तनाज को कास्ट किया।
‘हमारा दिल आपके पास है’ का नाम पहले मेकर्स ने ‘हमारा कानून’ रखा था। हालांकि, बाद में इसका नाम बदलकर ‘हमारा दिल आपके पास है’ रखा गया। वहीं फिल्म में सोनाली बेंद्रे द्वारा निभाया गया अविनाश यानी कि अनिल कपूर की दोस्त का किरदार पहले पूजा बत्रा करने वाली थीं। हालांकि, बाद में वो फिल्म का हिस्सा नहीं रहीं।
यह खबर भी पढ़ें: Jathara Release Date: फिर बदली गई 'मास जतारा' की रिलीज डेट, जल्द रिलीज होगा रवि तेजा का गाना 'तू मेरा लवर'
‘मिलेंगे-मिलेंगे’ करीना-शाहिद के ब्रेकअप के बाद हुई रिलीज
2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘मिलेंगे-मिलेंगे’ की शूटिंग 2004 में हुई थी। लेकिन फिल्म टलती गई, फिर ‘जब वी मेट’ के बाद करीना कपूर और शाहिद कपूर का ब्रेकअप हो गया, नतीजा ये फिल्म साल 2010 में रिलीज हो पाई, जब दोनों पूरी तरह से अलग हो चुके थे। ब्रेकअप के बाद करीना और शाहिद इस फिल्म के लिए डबिंग भी नहीं करना चाहते थे। करीना ने कई दिन इसकी डबिंग के लिए टाला, हालांकि, बाद में उन्होंने डबिंग की। रिलीज के वक्त फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया था कि करीना और शाहिद वापस आ गए हैं और साथ में हैं। इससे करीना कपूर काफी परेशान थीं, क्योंकि उनका और शाहिद का काफी पहले ब्रेकअप हो चुका था और वो उस समय सैफ अली खान को डेट कर रही थीं। शाहिद-करीना ने इस फिल्म के लिए कोई प्रमोशन नहीं किया था। साथ ही इतने सालों बाद रिलीज होने के चलते फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी। बताते हैं कि सलमान खान को फिल्म में गेस्ट रोल के लिए साइन किया गया था। लेकिन शाहिद कपूर से नाराजगी के चलते सलमान ने इस रोल को करने से मना कर दिया।