सीएम विजय के बेटे जेसन संजय का ध्यान ‘सिग्मा’ की रिलीज पर, जारी रखेंगे निर्देशन; एक्टिंग को लेकर कही ये बात
Jason Sanjay: थलापति विजय के बेटे ‘सिग्मा’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। जानिए भविष्य में एक्टिंग करने को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और थलापति विजय के बेटे जेसन संजय 'सिग्मा' के साथ डायरेक्टर के तौर पर डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। हाल ही में उन्होंने बताया कि अल्फोंस पुथरेन ने उन्हें एक रोल के लिए अप्रोच किया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। हालांकि, अपनी डेब्यू फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने भविष्य में एक्टिंग में आने का भी इशारा दिया।
20 साल में ठुकरा दिया एक्टिंग का ऑफर
आनंद विकटन के साथ बातचीत में जेसन ने बताया कि जब 'प्रेमम' फिल्म के डायरेक्टर अल्फोंस ने उन्हें एक रोल के लिए अप्रोच किया, तब वे सिर्फ 20 साल के थे, लेकिन उन्होंने वह रोल ठुकरा दिया।
हालांकि, वे प्रमोशनल वीडियो 'सिग्मा स्टाइल' में नजर आए थे, लेकिन उन्होंने कहा है कि अभी उन्हें एक्टिंग में कोई दिलचस्पी नहीं है। फिर भी उनकी बातों से ऐसा लगता है कि उन्होंने एक्टिंग के लिए दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं किए हैं।
'सिग्मा स्टाइल' में नजर आने के बारे में उन्होंने कहा कि मैं प्रमोशनल गाने में इसलिए नहीं दिखा क्योंकि मैं एक्टर बनना चाहता था। चूंकि यह गाना फिल्म की कहानी का हिस्सा नहीं है, इसलिए मैंने इसे बस मजे के लिए किया।
प्रमोशनल गाने का मकसद फिल्म से जुड़े लोगों से दर्शकों को परिचित कराना और उन्हें फिल्म की थीम और स्टाइल का अंदाजा देना होता है। इसीलिए मैंने उसमें डांस किया।
‘सिग्मा’ की रिलीज पर है पूरा ध्यान
जेसन ने यह भी कहा कि जब आप डायरेक्टर होते हैं और सेट पर एक्टर्स को कोई सीन समझाते हैं, तो मेरे अंदर भी एक एक्टर होता है। अभी किसी भी चीज से ज्यादा मेरे ऊपर 'सिग्मा' को रिलीज करने और उसे सफल बनाने की बड़ी जिम्मेदारी है। मेरा पूरा ध्यान इसी पर है। फिल्म रिलीज होने के बाद ही मैं सोचूंगा कि मुझे एक्टिंग करनी है या डायरेक्शन जारी रखना है।
आगे बढ़ सकती है ‘सिग्मा’ की रिलीज
'सिग्मा' को लाइका प्रोडक्शंस ने बनाया है और इसमें संदीप किशन और फारिया अब्दुल्ला मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिलहाल यह फिल्म 31 जुलाई को रिलीज होने वाली है।
लेकिन खबरों के मुताबिक, चोरी पर आधारित इस फिल्म की रिलीज अगस्त तक टल सकती है। ऐसा विजय की लंबे समय से अटकी फिल्म 'जन नायकन' से क्लैश से बचने के चलते हो सकता है।
एच. विनोथ द्वारा निर्देशित 'जन नायकन' जेसन के पिता और तमिलनाडु के सीएम विजय की बतौर एक्टर आखिरी फिल्म बताई जा रही है। यह फिल्म जनवरी में रिलीज होनी थी, लेकिन सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट में मिलने में हुई देरी के चलते फिल्म टल गई।
इसमें थलापति विजय के अलावा ममिता बैजू, बॉबी देओल और पूजा हेगड़े प्रमुख भूमिकाओं में हैं। अब इसे 23 जुलाई को रिलीज किया जाना है।