Vijay Rashmika Wedding: पूल पार्टी-वॉलीबॉल मैच से कैंडललाइट डिनर तक, विजय रश्मिका के प्री-वेडिंग फंक्शन शुरू
Vijay Rashmika: इस साल की मच अवेटेड विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी के प्री-वेडिंग कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं। यहां देखें अंदर की तस्वीरें…
विस्तार
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी के प्री-वेडिंग फंक्शन अब शुरू हो चुके हैं। सामने आई तस्वीरों से पता चलता है कि इस शादी की शुरुआत मस्ती, खेल और रोमांटिक अंदाज से हुई है। विजय और रश्मिका ने अपने-अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इनमे दोस्तों के साथ धूप में भीगी पूल पार्टी से लेकर खूबसूरती से सजाए गए कैंडललाइट डिनर और विरोश के खास सरप्राइज तक की झलक शामिल है।
रश्मिका ने दिखाई शाही डिनर की झलक
रश्मिका ने हाल ही में अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें उन्होंने फैंस को कपल के शानदार डिनर सेटअप की तस्वीरें दिखाईं। सुनहरी रोशनी में नहाया हुआ टेबल और पूरा माहौल बेहद खूबसूरत और रोमांटिक था।
बीच में गुलाबी रंग की लिली और हल्के हरे रंग के हाइड्रेंजिया से सजी एक सुंदर फूलों की सजावट थी। जिसे ताजे हरे सेब और लटकते अंगूरों ने और भी आकर्षक बना दिया। सजावट को देखकर पता चलता है कि कार्यक्रम काफी शाही अंदाज में चल रहे हैं।
कपल अपनी शादी को ग्रैंड बनाने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते। शाम को और भी खास बनाने के लिए टेबल पर करीने से सजाया गया एक शानदार प्रिंटेड मेनू कार्ड रखा गया था। कार्ड से मेहमानों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए जापानी व्यंजनों के अनुभव का संकेत मिल रहा था। इस बीच सबसे ज्यादा ध्यान खींचा उस हरे रंग के नैपकिन ने, जिस पर ‘विरोश’ लिखा है।
विजय ने खेला वॉलीबॉल
रश्मिका के अलावा विजय देवरकोंडा ने भी अपने इंस्टाग्राम पर कुछ स्टोरी साझा की हैं। इनमें उन्होंने शादी की प्री-वेडिंग मस्ती की झलक दिखाई है। विजय ने इंस्टाग्राम स्टोरीज में अपने दोस्तों के साथ पूल वॉलीबॉल खेलते हुए कुछ पल साझा किए। एक तस्वीर में वॉलीबॉल नेट के पीछे से खिलाड़ियों की परछाईं दिख रही है, जहां गेंद हवा में है, जिससे पता चलता है कि शादी में आए मेहमान मौज-मस्ती भरे माहौल का आनंद ले रहे हैं।
पूल पार्टी की दिखी झलक
एक और तस्वीर में शांत वातावरण के बीच लाल कपों से सजा एक तैरता हुआ ड्रिंक स्टेशन दिखाई दे रहा था। जिससे पता चलता है कि शादी में दिन भर मौज-मस्ती और रात में पूल पार्टी हुई है। शादी की घोषणा के बाद अब विजय और रश्मिका ने इन तस्वीरों को साझा कर अपने फैंस को ये संकेत द दिया है कि शादी के कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं। फैंस को अब इंतजार है नई तस्वीरों के साथ नए अपडेट की।
हालांकि, कपल ने अभी तक अपनी शादी की तारीख का खुलासा नहीं किया है। लेकिन पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए इन्विटेशन कार्ड के मुताबिक, शादी 26 फरवरी को होनी है। जबकि 4 मार्च को हैदराबाद में एक रिसेप्शन रखा गया है। इस तरह से अब शादी में सिर्फ दो दिन ही बाकी रह गए हैं।