सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Gen-Z ›   Graveyard Dating: Bored of Cafes and Malls Gen Z Finds Love and Peace in Cemeteries Through a New Dating Trend

Graveyard Dating: कैफे और मॉल से बोर हुए Gen Z, अब कब्रिस्तान में तलाश रहे प्यार और सुकून के दो पल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: रिया दुबे Updated Mon, 22 Jun 2026 06:47 PM IST
विज्ञापन
सार

Graveyard Dating: कैफे, मॉल और महंगी डेट्स से अलग अब कुछ Gen Z युवा कब्रिस्तानों को डेट स्पॉट के रूप में चुन रहे हैं। 'Graveyard Dating' नाम का यह ट्रेंड शांत माहौल, गहरी बातचीत और वास्तविक भावनात्मक जुड़ाव की तलाश को दर्शाता है। समर्थकों के अनुसार यह दिखावे से दूर रिश्तों को बेहतर समझने का मौका देता है, जबकि आलोचक इसे कब्रिस्तानों की गरिमा और संवेदनाओं के खिलाफ मानते हैं। आइए जानते हैं। 

Graveyard Dating: Bored of Cafes and Malls Gen Z Finds Love and Peace in Cemeteries Through a New Dating Trend
क्या है ये Graveyard dating? - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार

क्या तुम मेरे साथ कब्रिस्तान चलोगे? कुछ साल पहले अगर कोई डेट के लिए ऐसा सवाल पूछता, तो शायद जवाब में हैरानी या डर ही मिलता। लेकिन अब यही बात सोशल मीडिया पर एक नए डेटिंग ट्रेंड के रूप में चर्चा में है। इसे नाम दिया गया है 'Graveyard Dating'।



डेटिंग की दुनिया में जहां कैफे, मॉल, मूवी और फाइन डाइनिंग लंबे समय से पसंदीदा विकल्प रहे हैं, वहीं Gen Z का एक वर्ग इन पारंपरिक जगहों से हटकर कब्रिस्तानों को डेट स्पॉट के तौर पर चुन रहा है। सुनने में ये अजीब लग सकता है, लेकिन सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड को लेकर काफी चर्चा हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


दिलचस्प बात यह है कि यह विचार पूरी तरह से नया भी नहीं है। चर्चित टीवी शो The Big Bang Theory के एक एपिसोड में राजेश कूथरापल्ली अपनी गर्लफ्रेंड एमिली की कब्रिस्तान में समय बिताने की इच्छा से घबरा जाता है। वहीं फिल्म Kapoor & Sons में भी कब्रिस्तान को एक डेटिंग स्पेस के रूप में दिखाया गया था। जो कभी फिक्शन का हिस्सा था, वह अब कुछ युवाओं के लिए वास्तविक अनुभव बनता दिखाई दे रहा है।

विज्ञापन

क्या है Graveyard Dating?

सरल शब्दों में कहें तो Graveyard Dating का मतलब है कि कपल्स कब्रिस्तान में जाकर समय बिताएं, बातचीत करें, टहलें और अपने रिश्ते को बेहतर तरीके से समझने की कोशिश करें। इसमें किसी रोमांचक गतिविधि से ज्यादा महत्व शांत माहौल और गहरी बातचीत को दिया जाता है। इस ट्रेंड को अपनाने वाले युवाओं का कहना है कि कब्रिस्तान उन्हें ऐसी शांति देता है जो अक्सर शहरों की भीड़ और शोर में नहीं मिलती।


Gen Z को क्यों पसंद आ रहा ये ट्रेंड?

सोशल मीडिया, डेटिंग एप्स और लगातार ऑनलाइन रहने की संस्कृति के बीच बड़ी हो रहे Gen Z आज पहले से ज्यादा कनेक्टेड है, लेकिन कई बार भावनात्मक रूप से उतना ही अकेला भी महसूस करते हैं। हर डेट को सोशल मीडिया पर परफेक्ट दिखाने का दबाव, महंगे कैफे और दिखावटी आउटिंग्स से अलग कुछ युवा अब ऐसी जगहों की तलाश कर रहे हैं जहां वे बिना किसी अपेक्षा और प्रदर्शन के अपने साथी के साथ समय बिता सकें।

कब्रिस्तान उन्हें शांत वातावरण, कम व्यवधान और बिना खर्च के साथ समय बिताने का अवसर देता है। यहां बातचीत अक्सर रिश्तों, जीवन, भविष्य और भावनाओं जैसे विषयों तक पहुंच जाती है। कई युवाओं का मानना है कि यह ट्रेंड दिखावे से दूर जाकर वास्तविक जुड़ाव बनाने की कोशिश है।

मौत के बीच प्यार की तलाश क्यों?

मनोवैज्ञानिक के अनुसार, Gen Z उन विषयों पर खुलकर बात करती है, जिन्हें पहले की पीढ़ियां अक्सर अपने से दूर रखती थीं। इनमें मृत्यु, अकेलापन, भावनात्मक खालीपन और जीवन के अर्थ से जुड़े सवाल शामिल हैं। उनके मुताबिक, Graveyard Dating केवल एक डेटिंग ट्रेंड नहीं, बल्कि आधुनिक युवाओं की मानसिक और भावनात्मक जरूरतों को भी दर्शाता है। कई लोगों के लिए कब्रिस्तान ऐसा स्थान है, जहां वे जीवन की अस्थिरता को महसूस करते हुए, अपने रिश्तों को ज्यादा गंभीरता से समझ पाते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार कुछ युवाओं के लिए यह पारंपरिक डेटिंग संस्कृति के खिलाफ एक तरह का विद्रोह भी हो सकता है। वहीं कुछ लोग भावनात्मक गहराई, उदासी या अस्तित्व से जुड़े सवालों की ओर स्वाभाविक रूप से आकर्षित होते हैं।

Gen Z को कब्रिस्तान क्यों करते हैं आकर्षित?

मनोविज्ञान लंबे समय से यह मानता रहा है कि डर, रहस्य और भावनात्मक तीव्रता के बीच गहरा संबंध होता है। मृत्यु या रहस्य से जुड़े स्थान कुछ लोगों में भावनात्मक उत्तेजना बढ़ा सकते हैं। इससे निकटता और भावनात्मक जुड़ाव का अनुभव भी गहरा हो सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि ऐसे लोग मौत की ओर आकर्षित होते हैं। कई मामलों में यह जीवन की अस्थिरता, संवेदनशीलता और भावनात्मक गहराई को महसूस करने की इच्छा भर होती है।

आलोचकों का क्या कहना है?

जहां कुछ लोग इसे रिश्तों को समझने का नया तरीका मान रहे हैं, वहीं आलोचकों की राय अलग है। उनके अनुसार, कब्रिस्तान शोक, स्मृति और सम्मान की जगह हैं। यहां लोग अपने प्रियजनों को याद करने आते हैं। ऐसे में उन्हें रोमांटिक डेट स्पॉट की तरह इस्तेमाल करना कई परिवारों और लोगों को असंवेदनशील लग सकता है। यही वजह है कि Graveyard Dating केवल डेटिंग ट्रेंड नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक बहस का विषय भी बन गया है।

डेटिंग का ये ट्रेंड आखिर बताता क्या है?

शायद Graveyard Dating कभी मुख्यधारा का हिस्सा न बने। लेकिन यह एक बात जरूर दिखाता है कि Gen Z डेटिंग को नए नजरिए से देख रहे हैं। वह महंगी आउटिंग, सोशल मीडिया के दबाव और सतही बातचीत से आगे बढ़कर ऐसे अनुभवों की तलाश में हैं जो ज्यादा व्यक्तिगत, भावनात्मक और वास्तविक महसूस हों।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed