गोरखपुर: 13 साल के बच्चे को पिस्टल दिखाकर धमकाया, मां-बाप की हत्या की धमकी; डर से घर से लाकर दिए जेवर
जगरनाथपुर निवासी पवन जायसवाल ने रविवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले का ही एक लड़का उनके 13 वर्षीय बेटे को धमकाता था। आरोप है कि उसने पिस्टल दिखाकर बच्चे से घर के सभी जेवर लाने को कहा और बात नहीं मानने पर उसके माता-पिता की हत्या करने की धमकी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर कोतवाली क्षेत्र के जगरनाथपुर में 13 वर्षीय बच्चे को पिस्टल दिखाकर उसके माता-पिता की हत्या की धमकी देने और घर से जेवर लाने के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले के ही एक नाबालिग ने बच्चे को डराकर घर से चार सोने की चूड़ी, दो अंगूठी और दो झुमके मंगवाए। डर के कारण बच्चे ने जेवर आरोपी को दे दिए। पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगरनाथपुर निवासी पवन जायसवाल ने रविवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले का ही एक लड़का उनके 13 वर्षीय बेटे को धमकाता था। आरोप है कि उसने पिस्टल दिखाकर बच्चे से घर के सभी जेवर लाने को कहा और बात नहीं मानने पर उसके माता-पिता की हत्या करने की धमकी दी। इससे डरकर बच्चे ने घर से मां की चार सोने की चूड़ी, दो अंगूठी और दो झुमके निकालकर आरोपी को दे दिए।
बच्चे के घर लौटने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। पिता ने जब आरोपी से शिकायत की तो आरोप है कि उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उसने कई अपराधियों से संबंध होने का भी दावा किया। परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई, परिवार की सुरक्षा और जेवर बरामद कराने की मांग की है।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच नगर निगम चौकी प्रभारी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की पुष्टि के लिए जांच कर रही है और हथियार व जेवर के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कई अन्य बच्चों को धमकाने का आरोप
पवन जायसवाल ने तहरीर में आरोप लगाया कि संबंधित नाबालिग मोहल्ले के कई अन्य बच्चों को भी धमका चुका है। आरोप है कि ममता ओझा के बच्चे से धमकी देकर ब्रेसलेट और सोने की अंगूठी ली गई। वहीं ज्योति सिंह के बच्चे से रुपये और सोने के आभूषण लेने की बात भी कही गई है।
परिजनों का यह भी आरोप है कि बच्चों को धमकाने और उनके साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। पुलिस वीडियो और अन्य शिकायतों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।