यूपी: 'बेटियों और कमजोरों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे'; गोरखपुर में सीएम योगी का सपा पर हमला
विश्वविद्यालय में शिक्षा और शोध के साथ किसानों के प्रशिक्षण पर भी विशेष जोर रहेगा। वानिकी एवं औद्यानिकी से जुड़े शोध को किसानों तक पहुंचाने की योजना है। इससे आधुनिक बागवानी तकनीक, कृषि वानिकी और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिल सकेगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश को पहली वानिकी एवं औद्यानिकी यूनिवर्सिटी की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में प्रस्तावित विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया और आधारशिला रखी। करीब 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय 123 एकड़ से अधिक भूमि पर विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश में वानिकी और औद्यानिकी की उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार के लिए नए अवसर खुलेंगे।
आधारशिला रखने के बाद सीएम योगी ने मंच से बोलते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। बुधवार को अखिलेश के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से बच्चे की मौत पर बालते हुए सीएम ने कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। मैं पीड़ित परिजन से मिलूंगा।
सीएम ने कहा कि 'बेटियों और कमजोरों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे'।
विश्वविद्यालय का उद्देश्य वानिकी, कृषि वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा देना है। यहां वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी जैसे विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी।
बीएससी से पीएचडी तक की पढ़ाई की होगी सुविधा
प्रस्तावित विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित करने की योजना है। इसके लिए आधुनिक शैक्षणिक और शोध सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विश्वविद्यालय में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय और बहुउद्देशीय सभागार बनाया जाएगा। इसके अलावा 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाला छात्रावास, 401 आवासीय इकाइयां, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह भी विकसित किए जाएंगे।
किसानों को आधुनिक तकनीक का मिलेगा प्रशिक्षण
विश्वविद्यालय में शिक्षा और शोध के साथ किसानों के प्रशिक्षण पर भी विशेष जोर रहेगा। वानिकी एवं औद्यानिकी से जुड़े शोध को किसानों तक पहुंचाने की योजना है। इससे आधुनिक बागवानी तकनीक, कृषि वानिकी और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिल सकेगा।
