संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। ऐतिहासिक धरोहर रानी का तालाब की सुंदरता बढ़ाई जाएगी। कैंटोनमेंट बोर्ड ने तालाब के सौंदर्यीकरण के दूसरे चरण के कार्य के लिए आदेश जारी किए हैं। इस परियोजना के तहत वर्षा जल संचयन और स्टोन पिचिंग जैसे कार्य किए जाएंगे। इस पूरे कार्य पर लगभग 37 लाख रुपये की लागत आएगी।
सीईओ कैंटोनमेंट बोर्ड राहुल आनंद शर्मा ने बताया कि रानी के तालाब के महत्व को देखते हुए सौंदर्यीकरण के दूसरे फेज का काम शुरू करवाया गया है ताकि यहां आने वाले लोगों विशेषकर भक्तों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
रानी का तालाब अंबाला छावनी का एक प्रमुख केंद्र है। यहां स्टोन पिचिंग और अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों के होने से न केवल इसकी मजबूती बढ़ेगी बल्कि यह पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बना रहेगा। यहां भगवान का शिव मंदिर स्थित है। मंदिर के पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी सेना की एक रेजिमेंट को सौंपी गई है ताकि मंदिर आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।