डेयरी संचालक हत्याकांड: आज 15 वें दिन पैतृक गांव किनाला में किया जाएगा जीवन का अंतिम संस्कार, मुख्य आरोपी फरार
हिसार पुलिस जीवन कुंडू मामले में अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। 50 हजार का इनामी मुख्य आरोपी रमेश और उसका सहयोगी मोलड़ अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार उसकी हत्या के 15 वें दिन मंगलवार को पैतृक गांव किनाला में किया जाएगा। हांसी में 15 अगस्त के दिन पुलिस पर पथराव के आरोप में गिरफ्तार कर गुरुग्राम की भोंडसी जेल भेज गए 10 प्रदर्शनकारियों को भी जमानत पर छोड़ दिया गया। बता दें कि डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड में 14 दिन से चल रहा गतिरोध मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ वार्ता के बाद टूट गया। मुख्यमंत्री ने रविवार रात पांच सदस्यीय कमेटी के साथ बातचीत में सभी मांगें मान लीं। कमेटी ने सोमवार दोपहर बाद करीब साढ़े 3 बजे हिसार में धरनास्थल पर पहुंचकर सीएम से बातचीत का ब्योरा दिया और आंदोलन खत्म करने की घोषणा की।
रविवार को हिसार में लघु सचिवालय के बाहर आयोजित महापंचायत से पहले धरना कमेटी को सीएम से बातचीत का न्योता मिला। शाम करीब छह बजे पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ के लिए रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल में आम आदमी पार्टी के नेता प्रो. छत्रपाल, सत्यवान सरपंच, जिला पार्षद कर्मकेश, चरणजीत, रामफल किनाला को शामिल किया गया।
कमेटी के चंडीगढ़ पहुंचने के बाद रात करीब 11 बजे मुख्यमंत्री के साथ बातचीत शुरू हुई जो करीब 2 बजे तक चली। कमटी ने अपनी मांगें सीएम के समक्ष रखीं। सीएम ने जीवन की पत्नी को शैक्षणिक योग्यता के हिसाब से नौकरी देने, परिवार को नियमानुसार आर्थिक मदद (राशि तय नहीं), मुख्य आरोपी रमेश सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ लगाने, हांसी में प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने और जिन 10 लोगों को जेल भेजा गया है उनकी जमानत की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति जताई। इसके बाद सोमवार सुबह प्रतिनिधिमंडल की अधिकारियों के साथ बैठक हुई जिसमें सभी मांगों के बारे में अपडेट ली गई।
धरना कमेटी की मांग सीएम ने क्या कहा
1. जीवन की पत्नी रमन को नौकरी सीएम ने योग्यतानुसार नौकरी देने पर सहमति जताई
2. परिवार को आर्थिक मदद सीएम ने हां भरी, हालांकि राशि पर कोई सहमति नहीं दी
3. हांसी में प्रदर्शन में शामिल लोगों पर दर्ज केस वापस लें और उनके जब्त वाहन छोड़ें सीएम ने इसे स्वीकार कर लिया
4. मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ लगाएं सीएम ने इस मांग को भी स्वीकार कर लिया
दोपहर बाद धरना स्थल पर पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
करीब साढ़े 3 बजे चड़ीगढ़ से प्रतिनिधिमंडल धरना स्थल पर पहुंचा। इसके बाद आंदोलन की अगुवाई कर रहे प्रमुख लोगों के बीच बैठक शुरू हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता से अवगत करवाया। करीब एक घंटे तक चली बैठक के बाद धरना समाप्त करने और मंगलवार को जीवन के शव का अंतिम संस्कार करने की घोषणा की गई। इसके साथ ही 4 अगस्त की अलसुबह जीवन की हत्या के बाद से चल रहे आंदोलन का पटाक्षेप हो गया। पुलिस इस मामले में अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। 50 हजार का इनामी मुख्य आरोपी रमेश और उसका सहयोगी मोलड़ अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।