होली के दिन पत्नी का कत्ल: झज्जर में पति ने गोलियों से भूना, आठ राउंड फायर किए, हत्या की ये है वजह
हरियाणा के झज्जर में होली के दिन पति ने खूनी खेल खेला। आरोपी संजय अपनी पत्नी पर शक करता था। दोनों की शादी दो साल पहले हुई थी।
विस्तार
बेरी के बिरधाना गांव में होली की देर शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव निवासी संजय ने अपनी पत्नी अंजलि को गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मौके से 8 खोल बरामद किए हैं।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही झज्जर पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी हैं। जानकारी के अनुसार कड़ोदा निवासी अंजलि की शादी बिरधाना गांव निवासी संजय के साथ दो साल पहले हुई थी। अंजलि सोमवार देर शाम घर के बाहर खड़ी थी, तभी बाइक पर उसका पति संजय और एक अन्य व्यक्ति आए और संजय ने अपनी पत्नी अंजलि पर एक के बाद एक फायर कर दिए। इससे अंजलि जमीन पर गिर गई और उसकी मौके पर मौत हो गई।
घटना को अंजाम देकर आरोपी संजय और अन्य व्यक्ति बाइक सहित फरार हो गए। सूचना पाकर एसीपी बेरी अनिल कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा हैं कि संजय अपनी पत्नी पर शक करता था। संजय और अंजलि की शादी दो साल पहले हुई थी। मृतक का एक बच्चा भी है। बताया जा रहा हैं कि दोनों पति-पत्नी के बीच आज कुछ विवाद भी हुआ था, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।
जनवरी में जमानत पर आया था संजय
बताया जा रहा हैं कि संजय जनवरी में जमानत पर बाहर आया था। वह 2022 में हुई एक हत्या के मामले में जेल में बंद था। इसके अलावा संजय पर अलग-अलग थानों में सात मामले भी दर्ज हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस इस मामले में सीसीटीवी खंगाल रही हैं। इसके अलावा आरोपियों की तलाश में दुजाना थाने में अलावा सीआईए की टीमें लगा दी गई हैं। वारदात के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया हैं। पुलिस आने जाने वाले वाहनों की तलाशी लें रही थी।
28 मार्च 2021 को गोली मारकर की थी युवक अनिल की हत्या
आरोपी संजय और उसके साथियों ने 28 मार्च 2021 को दुजाना निवासी युवक अनिल की गोली मारकर हत्या की थी। अनिल उस दिन बाइक पर किसी काम से जा रहा था। रास्ते में निजी स्कूल के पास संजय और उसके साथियों ने गोली मारकर अनिल की हत्या कर दी थी। इसमें चार लोगों पर केस दर्ज हुआ था। इससे पहले 2020 में संजय और उसके पिता मुख़्तयार पर मृतक अनिल के पिता विजय सिंह में जानलेवा हमला करने मारपीट करने और धमकी देने के आरोप भी लगाए थे, जिसमें एफआईआर दर्ज की थी।
पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए टीमों को मौके पर भेजा गया। फिलहाल आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पत्नी को मौत के घाट उतरने वाला पति फिलहाल फरार है । मृतका का नाम अंजली बताया जा रहा है।
- अनिल कुमार, एसीपी, बेरी