बिहार के वैशाली जिला के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पांच वर्षीय बच्चे का शव सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। मामला सैदपुर रजौली गांव का है, जहां सड़क से सटे जंगल में बच्चे का शव लावारिस हालत में पड़ा मिला।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने पहले सड़क किनारे कुछ कपड़े पड़े देखे। संदेह होने पर जब कपड़ों को हटाया गया तो नीचे बच्चे का शव मिला। यह दृश्य देख इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना तत्काल सदर थाना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है।
पढे़ं; खाने-पीने के बहाने ले गए, फिर दाग दी गोली; कोलकाता से लौटे युवक की होली से पहले दर्दनाक मौत
स्थानीय निवासी विजय दास ने बताया कि शव संभवतः दो-तीन दिनों से सड़क किनारे पड़ा हुआ था। उन्होंने आशंका जताई कि बच्चे की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया हो सकता है। शव के पास मिले कपड़ों से भी यही अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी वाहन से लाकर शव को सड़क किनारे डंप किया गया।
सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने पुष्टि की कि सैदपुर रजौली गांव में बच्चे का शव मिलने की सूचना पर पुलिस कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस शव की शिनाख्त और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।