जींद। स्मार्ट किड्स पब्लिक स्कूल, सेक्टर-11 में रविवार को जनता सरकार मोर्चा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के संयोजक सुशील नरवाल ने की। इस दौरान संगठन ने भविष्य में राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए अपना राजनीतिक विंग बनाने का निर्णय लिया। बैठक में चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों के लिए एक ऑनलाइन राजनीतिक बैंक शुरू करने की भी घोषणा की गई। मोर्चा के अनुसार यह बैंक पोर्टल के माध्यम से संचालित होगा। इसमें चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले लोगों को अपना खाता खुलवाना होगा। संगठन का कहना है कि इस पोर्टल पर संबंधित व्यक्ति द्वारा किए गए जनहित के कार्यों का रिकॉर्ड रखा जाएगा। यदि कोई व्यक्ति समाजहित में कार्य करेगा तो उसके अंक बढ़ाए जाएंगे, जबकि संगठन के अनुसार अनुचित कार्य करने पर अंक कम किए जाएंगे। मोर्चा का दावा है कि भविष्य में सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य और विधायक जैसे चुनावों में उम्मीदवारों के चयन में इसी अंक प्रणाली को आधार बनाया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व खेड़ा खाप प्रधान सतबीर बरसोला, किसान नेता विकास सीसर, अक्षय नारवाल, रवींद्र , रणबीर, नरेंद्र बूरा मौजूद रहे।