जींद। सफीदों विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि चार अप्रैल को नई अनाज मंडी में मुख्यमंत्री नायब सैनी की विकास रैली क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस रैली से इलाके के विकास को नई दिशा मिलेगी और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।
मंगलवार को विधायक ने जनसंपर्क अभियान के तहत टीटो खेड़ी, करसिंधु, अंटा, बड़ौद, बसीनी, खातला, भुसलाना, डिडवाड़ा, निम्नाबाद, साहनपुर, सरना खेड़ी समेत करीब एक दर्जन गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मांग पत्र लिए और उन्हें रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सफीदों क्षेत्र को भी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, बीडीओ जयपाल टुर्ण, रोहतास शर्मा, पवन कुमार, विनोद कौशल मौजूद रहे।