ढांड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से गांव कौल में विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कौल से जिला परिषद अध्यक्ष कर्मबीर कौल ने किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया और सभी से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का आह्वान किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गली और सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई का संकल्प ले, तो देश को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से न केवल बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने और गांव को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया।