कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती अवसर पर समाजसेवा से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद सोशल डेवलपमेंट एंड चेरिटेबल (एसवीएसडीसी) ट्रस्ट कुरुक्षेत्र के सहयोग से हुआ, जिसमें वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को वस्त्र, ऊनी वस्त्र और मिठाई वितरित की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बिरसा मुंडा के जीवन मूल्यों, करुणा, सामाजिक न्याय और समावेशिता को समाज में प्रसारित करना रहा। एनआईटी प्रशासन ने कहा कि यह पहल केवल सेवा आयोजन नहीं बल्कि उन सिद्धांतों की पुनर्पुष्टि है, जिन्हें भगवान बिरसा मुंडा ने समाज के उत्थान हेतु अपनाया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और आयोजकों की सेवा भावना इस विशेष दिन को और प्रेरणादायक बना गई।
एसवीएसडीसी ट्रस्ट का सहयोग इस आयोजन को और अर्थपूर्ण बनाता दिखा। यह सहयोग स्वामी विवेकानंद की निस्वार्थ सेवा और मानवकल्याण की शिक्षा का प्रत्यक्ष उदाहरण रहा। बिरसा मुंडा के सामाजिक अधिकारों के संघर्ष और स्वामी विवेकानंद के राष्ट्र निर्माण संदेश को एक सूत्र में पिरोते हुए कार्यक्रम ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को जीवंत किया। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. चंद्रशेखर एम, डॉ. रवि प्रताप सिंह, लेफ्टिनेंट शाहाबुद्दीन, डॉ. श्वेता राठी, डॉ. एचडी चालक, श्री स्वपन विश्वास समेत अन्य स्टाफ सदस्यों ने किया।