UPSC Result: पंचकूला के एकांश ढुल को तीसरी रैंक, सीएम सैनी ने दी बधाई, पहले भी दो बार क्लीयर कर चुके यूपीएससी
यूपीएससी रिजल्ट में एकांश ढुल ने देश भर में तीसरा रैंक हासिल किया है। एकांश ढुल पहले भी दो बार यूपीएससी में चयनित हो चुके हैं। 25 साल के एकांश ढुल ने इस बार तीसरी रैंक हासिल कर एक बार फिर हरियाणा का नाम रोशन किया है।
विस्तार
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा और इंटरव्यू (पर्सनैलिटी टेस्ट) के आधार पर अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। खास बात यह है कि टॉप-3 उम्मीदवारों में हरियाणा के एकांश ढुल का नाम भी शामिल है। एकांश ढुल हरियाणा के पंचकूला के रहने वाले हैं। उनके पिता भाजपा नेता कृष्ण ढुल पंचकूला के सेक्टर-14 में रहते हैं।
यूपीएससी रिजल्ट में एकांश ढुल ने देश भर में तीसरी रैंक हासिल किया है। एकांश ढुल पहले भी दो बार यूपीएससी में चयनित हो चुके हैं। 25 साल के एकांश ढुल ने इस बार तीसरी रैंक हासिल कर एक बार फिर हरियाणा का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यूपीएससी में चयनित सभी युवाओं को बधाई दी है। सीएम सैनी ने यूपीएससी में चयनित हरियाणा के उम्मीदवारों को विशेष तौर पर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने ऑल इंडिया में तीसरे स्थान पर रहने वाले पंचकूला के एकांश ढुल के माता-पिता से फोन कर बात कर उन्हें बधाई दी है। कृष्ण ढुल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का धन्यवाद किया।
वहीं नायब सैनी ने कहा कि सभी चयनित उम्मीदवार विकसित भारत के संकल्प की नींव बनकर देश को मजबूत बनाने के लिए काम करें। देश के स्वर्णिम भविष्य के लिए देश सेवा और समाज के प्रति समर्पण की भावना का मजबूत संकल्प लेकर चलें।
लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित हुई थी, जबकि इंटरव्यू दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच लिए गए। चयनित उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप ‘A’ और ‘B’) में नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई है।
#WATCH | Panchkula: On his son Akansh Dhull securing third rank in UPSC civil services final result 2025, Haryana BJP leader Krishan Dhull says, "I can't even describe his achievement in words. The hard work, the concentration has put in over the past eight years, is commendable.… https://t.co/VzRfary8KJ pic.twitter.com/Efz5MQppTV
— ANI (@ANI) March 6, 2026
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में निधि ने हासिल की 466वीं रैंक
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा 2025 में निधि ने ऑल इंडिया रैंक 466 हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। निधि मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर, तहसील नाहन के गांव त्रिलोकपुर की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई मानव मंगल स्कूल, सेक्टर-11 पंचकूला से पूरी की। इसके बाद उन्होंने सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-16 चंडीगढ़ से अपनी सीनियर सेकेंडरी शिक्षा प्राप्त की।
उच्च शिक्षा के लिए निधि ने पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज (पीजीजीसी) सेक्टर-11, चंडीगढ़ (को-एड) से बीएससी बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई की। यूपीएससी की तैयारी के दौरान उन्होंने सेक्टर-9 पंचकूला स्थित हरे कृष्णा लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन किया। निधि के पिता धनी राम वर्तमान में आईटीबीपी में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं और इस समय उनकी पोस्टिंग एसएसबीएन सबोली में है। उनकी माता जसविंदर कौर गृहिणी हैं और उन्होंने हमेशा निधि को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निधि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और कठिन परिश्रम को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है।