पानीपत। संयुक्त व्यापार मंडल में प्रधान पद के लिए हंगामा हो गया है। बिना प्रस्ताव और पैनल से बाहर होकर कुछ व्यापारियों ने दर्शनलाल वधवा को प्रधान बना दिया। उनको जीत की टोपी भी पहना दी।
चुनाव के लिए पांच लोगों के नाम प्रस्तावित किए थे पैनल को इन नामों में से सर्वसम्मति से प्रधान का नाम तय करना था। प्रस्तावित दावेदारों ने दर्शनलाल वधवा को प्रधान मानने से इन्कार कर दिया है।
संयुक्त व्यापार मंडल के चुनाव के लिए बैठक शनिवार शाम को आहुजा स्वीट्स पर बैठक की। इसमें शहर के 44 में से 40 बाजारों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में प्रधान पद के चुनाव पर चर्चा की। निवर्तमान प्रधान दर्शनलाल वधवा ने प्रधान पद को छोड़ने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि वे आगे प्रधान बनना नहीं चाहते हैं। व्यापारियों ने विजय कक्कड़, गौरव लिखा, सुनील सिंगला, चंद्र सहगल व सुशील भराड़ा का नाम प्रस्तावित किया। कुछ प्रतिनिधियों ने चुनाव कराने की बात कही, वहीं कुछ ने पुरानी परंपरा को आगे भी चलाए रखने की बात कही। ऐसे में अनिल मदान, कृष्ण फुटेला, कर्मचंद नारंग, धर्मपाल चोपड़ा, विपिन चुघ, संजय वर्मा व अशोक नारंग का पैनल बनाया। पैनल को प्रस्तावित पांच नामों में से एक पर सर्वसम्मति से फैसला लेना था। इस बीच दर्शनलाल वधवा को प्रधान की घोषणा कर दी। संयुक्त व्यापार मंडल के निवर्तमान महासचिव गौरव ने कहा कि वे ये चुनाव को नहीं मानते हैं। ब्यूरो