गोहाना। 21 जून को होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर आयुष विभाग और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त नेहा सिंह के मार्गदर्शन में 11 से 13 जून तक जिले के सभी ब्लॉकों में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में 12 जून को भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में एक दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणा के पंचायत एवं विकास, खनन एवं भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयुष विभाग और विश्वविद्यालय अधिकारियों के बीच बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में योग सहायकों, योग प्रशिक्षकों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राम अवतार सिंह ने बताया कि जिले के सभी सात ब्लॉकों में प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहे हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग रखी गई है।