सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Trade unions and farmers organizations on strike in Haryana

हरियाणा में महा हड़ताल: बैंक से लेकर बिजली-पानी तक की हो सकती है परेशानी, 100 से ज्यादा संगठन आज हड़ताल पर

अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़ Published by: शाहिल शर्मा Updated Thu, 12 Feb 2026 05:23 AM IST
विज्ञापन
सार

हड़ताल को देखते हुए राज्य सरकार ने विभागों को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विभागों ने वैकल्पिक इंतजाम करने के साथ-साथ कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि वे हड़ताल में शामिल न हों।

Trade unions and farmers organizations on strike in Haryana
हरियाणा में महा हड़ताल - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

देशभर की ट्रेड यूनियनों व किसान संगठनों ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में 12 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। हरियाणा में भी इसका असर रहेगा। यहां 10 श्रमिक और मजदूर संगठनों के अलावा 100 कर्मचारी-किसान संगठन हड़ताल में शामिल रहेंगे। इससे पटवारखाना से जुड़ी सेवाएं, मिड डे मिल, बैंक, बिजली मरम्मत, साफ-सफाई व पानी की सप्लाई बाधित होने के अलावा अन्य सरकारी कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। 
Trending Videos


हड़ताल को देखते हुए राज्य सरकार ने विभागों को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विभागों ने वैकल्पिक इंतजाम करने के साथ-साथ कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि वे हड़ताल में शामिल न हों। परिवहन विभाग के महानिदेशक प्रदीप कुमार ने सभी बस अड्डों के महाप्रबंधकों को आदेश दिए हैं कि वे खुद निगरानी रखें। पुलिस बल भी बस अड्डों पर तैनात रहेगा ताकि बसों के संचालन के दौरान कोई खलल न डाल सके। इसके अलावा सभी जिला उपायुक्तों से भी सहयोग मांगा है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बुधवार शाम ही अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है ताकि पेयजल आपूर्ति की सेवाएं बाधित न हो। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पटवारियों के हड़ताल पर जाने से होने वाले असर को कम करने के लिए उनके सभी कार्यों की जिम्मेदारी तहसीलदार व नायब तहसीलदार को सौंपी गई है। महानिदेशक, मौलिक शिक्षा हरियाणा ने सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और सभी स्कूल मुखिया व इंचार्ज को मिड-डे-मिल की उपलब्धता को सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। 

वेतन नहीं देने की चेतावनी

हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड ने आदेश जारी किए कि हड़ताल पर कोई कर्मचारी रहेगा तो उसका वेतन नहीं मिलेगा और अवकाश केवल अति आवश्यक कार्य के लिए ही मिलेगा।

ये होंगे शामिल

अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री, सीटू राज्य महासचिव जय भगवान ने दावा किया कि 100 कर्मचारी संगठनों से जुड़े कर्मचारी शामिल होंगे। राज्य में सीटू, इंटक, एटक, हिंद मजदूर सभा, एआईयूटीयूसी, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, हरियाणा कर्मचारी महासंघ, हरियाणा बैंक इंप्लाइज फेडरेशन, नॉर्थ जोन बीमा कर्मचारी संघ, डाक, टेलीकॉम, स्वतंत्र औद्योगिक संगठनों के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल रहेंगे। भारतीय मजदूर संघ ने इससे दूरी बनाई है। 

भारतीय मजदूर संघ रहेगा दूर 

भारतीय मजदूर संघ के राज्य प्रधान अशोक कुमार ने बताया कि बिजली, रोडवेज, जनस्वास्थ्य आदि विभागों में संघ के जो भी कर्मचारी संगठन हैं वह कार्यालयों में नियमित की तरह ही काम करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed