हिमाचल: बिलासपुर में पांच वर्ष की मासूम के साथ दुष्कर्म, मुस्लिम समुदाय से है आरोपी नाबालिग; सुधार गृह भेजा
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एक गांव में पांच वर्ष की मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी नाबालिग मुस्लिम समुदाय से है। जिसके बाद हिंदुओं में आक्रोश बढ़ गया है और मौके पर माहौल काफी तनावपूर्ण रहा। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
तलाई थाना के तहत एक गांव में पांच वर्ष की मासूम के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेने के बाद जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के आदेश पर सुधार गृह हीरानगर, शिमला भेज दिया गया है। वहीं, मासूम की मेडिकल जांच भी कराई गई है। कुछ टेस्ट एम्स बिलासपुर में विचाराधीन हैं, जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं है, लेकिन पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है।
एम्स की रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी अधिकारिक पुष्टि होगी। बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास की घटना ने पूरे क्षेत्र को सुलगा दिया है। आक्रोशित भीड़ ने भड़ोली कलां स्थित एक धार्मिक स्थल में घुसकर तोड़फोड़ की, जिससे क्षेत्र में तनाव है। स्थिति की गंभीरता देख आरोपी के घर सहित जिले के धार्मिक और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात है।
शुक्रवार को पुलिस थाना तलाई में मासूम से दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद शनिवार सुबह से ही लोगों का हुजूम जुटना शुरू हो गया था। संबंधित ग्राम पंचायत में करीब 200 लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों में स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि और भारी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विशेष समुदाय के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे के दौरान जब कलोल के पूर्व प्रधान मौके पर पहुंचे तो भीड़ का गुस्सा उन पर फूट पड़ा। कुछ लोगों की उनके साथ धक्का-मुक्की हो गई, जिसके बाद मौके पर तैनात पुलिस ने घेरा बनाकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
उधर, एसपी संदीप धवल ने बताया कि शिकायत पर पॉक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। चिकित्सा परीक्षण के बाद शनिवार को आरोपी नाबालिग को प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे सुधार गृह भेजने के आदेश हुए। कुछ असामाजिक तत्व सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ईमानदारी से पूरे मामले में कार्रवाई कर रही है। आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
महिलाओं ने की आरोपी के घर घुसने की कोशिश
इसी बीच पीड़ित पक्ष की महिलाएं आरोपी के घर के समीप पहुंच गईं और भीतर घुसने की जिद करने लगीं। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद महिलाओं को रोककर स्थिति संभाली। दोपहर बाद हिंदू रक्षा मंच के कमल गौतम करीब 10-15 कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से भेंट की और समुदाय विशेष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग की। इसी गहमागहमी के बीच भड़ोली कलां स्थित धार्मिक स्थल में 10-15 व्यक्तियों ने घुसकर तोड़फोड़ की। इसके बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। मौके पर पहुंचे संगठनों में भाजपा मंडल अध्यक्ष, भाजयुमो के कार्यकर्ता, बजरंग दल के कार्यकर्ता, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, महिला मंडल भड़ोलियां, बकैन और कलोल की महिलाएं शामिल रहीं।