Hamirpur News: दुकानदार को नकली नोट थमाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर वाहन की पहचान कर आरोपियों को दबोचा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमीरपुर सदर थाना क्षेत्र के लोहरड़ा बाईपास पर चाय के बहाने एक दुकानदार को नकली नोट थमाकर ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर वाहन की पहचान कर आरोपियों को दबोचा। शुक्रवार को जिला बिलासपुर के बैहनाजटा के पास मनाली की ओर जा रहे आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 रुपये के 16 और 200 रुपये के 33 नकली नोट बरामद किए गए। दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। इनमें एक अमृतसर और दूसरा मोहाली का निवासी है।
वहीं, कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में घूमकर छोटे दुकानदारों और बुजुर्गों को निशाना बना रहे थे।
उधर, एसपी बलवीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि लेनदेन के समय नोटों की सुरक्षा विशेषताओं की अच्छी तरह जांच करें और किसी भी संदिग्ध ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
ऐसे की थी ठगी
मामले के अनुसार, लोहरड़ा बाईपास पर आरोपियों ने एक 74 वर्षीय दुकानदार को चाय-नमकीन के बहाने झांसे में लिया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उनके पास 200 रुपये के नोट हैं और उन्हें 500 रुपये के नोट चाहिए। भरोसे में आकर दुकानदार ने उन्हें 500 रुपये के 12 नोट (कुल 6,000 रुपये) दे दिए, जिसके बदले आरोपियों ने 200 रुपये के 30 नोट थमा दिए। बाद में जांच करने पर 30 में से 16 नोट नकली पाए गए, जिससे दुकानदार को लगभग 3,200 रुपये का नुकसान हुआ।

कमेंट
कमेंट X